Last Updated:
Indian Coast Guard: भारतीय तटरक्षक बल ने एक बार फिर संकटमोचक बनकर दो अलग-अलग जांबाज मेडिकल इवैक्यूएशन अभियानों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है. लक्षद्वीप प्रशासन और कोच्चि मुख्यालय के साथ तालमेल बिठाते हुए तटरक्षक दल ने खराब मौसम के बावजूद डोर्नियर विमान के जरिए अगत्ती से एक 66 वर्षीय बुजुर्ग मरीज को सुरक्षित कोच्चि एयरलिफ्ट किया.
कोस्टगार्ड की टीम ने बुजुर्ग को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया.
नई दिल्ली. भारतीय तटरक्षक बल ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया है. खराब मौसम और बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच भारतीय तटरक्षक बल ने 66 वर्षीय व्यक्ति को सही समय पर मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई. भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजे) ने केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप प्रशासन तथा कोच्चि और कवरत्ती स्थित तटरक्षक जिला मुख्यालयों के समन्वय से यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया.
गंभीर रूप से बीमार इस व्यक्ति के लिए महत्वपूर्ण हवाई निकासी अभियान चलाया. रोगी को तुरंत न्यूरो सर्जरी की जरूरत थी. यही कारण है कि इस बुजुर्ग व्यक्ति को लगातार ऑक्सीजन सहायता की आवश्यकता थी. अगत्ती से मरीज को सुरक्षित तरीके से कोच्चि पहुंचाने के लिए कोच्चि स्थित तटरक्षक वायु प्रतिष्ठान से डोर्नियर विमान भेजा गया. गंभीर स्वास्थ्य स्थिति और रास्ते में मौजूद मौसम संबंधी चुनौतियों के बावजूद तटरक्षक दल ने अभियान को पूरी तत्परता के साथ अंजाम दिया.
विमान में मरीज को लगातार ऑक्सीजन सहायता दी गई, जिससे उसकी स्थिति को संभालते हुए उसे आगे के जरूरी इलाज के लिए कोच्चि पहुंचाया जा सके. इस अभियान एक बार फिर दिखाता है कि भारतीय तटरक्षक बल समुद्र में सुरक्षा के साथ-साथ आपात स्थिति में मानव जीवन बचाने के लिए भी हर समय तैयार रहता है.
गौरतलब है कि बीते दिनों ही तटरक्षक बल ने समुद्र में उठ रही तेज लहरों के बीच एक और बचाव मिशन को अंजाम दिया था. यह बचाव मिशन रात के घने में शुरू किया गया. ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में भारतीय तटरक्षक दल ने बांग्लादेशी नाविक की जान बचाई. मुसीबत में फंसे नाविक की जान बचाने के साथ ही उसको समय पर चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई है. यह अभियान डिगलीपुर के पास चलाया गया था. विजयपुरम स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र से सूचना दी गई.
सूचना मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक मुख्यालय, अंडमान एवं निकोबार ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. सूचना थी कि एमवी एमरिस पर सवार चालक दल का 36 वर्षीय बांग्लादेशी सदस्य जहाज पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया है. उसके सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई थीं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय तटरक्षक पोत राजदूत को राहत एवं चिकित्सा निकासी अभियान के लिए रवाना किया गया. खराब मौसम और उफनते समुद्र के बावजूद तटरक्षक कर्मियों ने जोखिम उठाते हुए घायल नाविक को सुरक्षित पोत पर पहुंचाया.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
और पढ़ें

