Last Updated:
DA Hike : पंजाब के 8 लाख से ज्यादा कर्मचारियों और पेंशनधारकों को बड़ा तोहफा मिला है. पंजाब सरकार ने उनके महंगाई भत्ते में सीधे 8 फीसदी बढ़ोतरी करने का फैसला किया है. यह बढ़ोतरी 1 अक्टूबर से लागू होगी और इसे 2 चरणों में दिया जाएगा.
पंजाब में कर्मचारियों को 8 फीसदी महंगाई भत्ता का लाभ दिया गया है.
नई दिल्ली. पंजाब में सरकारी कर्मचारियों के साथ लंबे समय से चले आ रहे गतिरोध को खत्म करते हुए भगवंत मान सरकार ने करीब आठ लाख कर्मचारियों और पेंशनधारकों को बड़ी राहत दी है. उन्होंने सीधे 8 फीसदी महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ाने का ऐलान कर दिया. डीए पर यह फैसला सीएम और कर्मचारी व पेंशनभोगी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया.
पंजाब स्टेट मिनिस्ट्रियल सर्विसेज यूनियन के अध्यक्ष गुरनाम सिंह विर्क ने कहा कि डीए में बढ़ोतरी एक अक्टूबर से प्रभावी होगी. सीएम मान ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी. उन्होंने लिखा कि कर्मचारी और पेंशनधारक संगठनों के साथ आज बहुत सकारात्मक बैठक हुई. कर्मचारी हमारे परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके कल्याण को ध्यान में रखते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में आठ फीसदी की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है. कर्मचारियों के कल्याण, सम्मान और जायज चिंताओं को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मान ने कहा कि फैसले के अनुसार कर्मचारियों और पेंशनधारकों को चार-चार फीसदी की दो किस्तों में बढ़ा हुआ डीए दिया जाएगा और इसका लाभ एक अक्टूबर से उनके वेतन में दिखाई देगा.
पंजाब में अब कितना हो गया महंगाई भत्ता
पंजाब में सरकारी कर्मचारियों को अभी तक 42 फीसदी महंगाई भत्ता मिलता था, लेकिन इसमें एकमुश्त 8 फीसदी की बढ़ोतरी के बाद अब यह बढ़कर 50 फीसदी हो गया है. इससे प्रदेश सरकार के खजाने पर करीब 250 करोड़ रुपये सालाना का बोझ आएगा. सरकार ने कहा है कि डीए का भुगतान 4-4 फीसदी की दो किस्तों में किया जाएगा और पहली किस्त का भुगतान दिवाली का त्योहार आने से पहले ही कर दिया जाएगा. पेंशनर्स को भी महंगाई राहत दी गई है और उन्हें भी त्योहारों से पहले बढ़ा हुआ पैसा मिल जाएगा.
क्यों मिलता है महंगाई भत्ता
केंद्र और राज्य सरकारें अपने कर्मचारियों को बढ़ती महंगाई से राहत दिलाने के लिए साल में 2 बार महंगाई भत्ता बढ़ाने का ऐलान करती हैं. एक बार जनवरी में और दूसरी बार जुलाई में डीए बढ़ाया जाता है. हालांकि, इसका ऐलान 2 या 3 महीने बाद किया जाता है, लेकिन इसका भुगतान जनवरी और जुलाई से ही कैलकुलेट करके किया जाता है. पंजाब सरकार ने 8 फीसदी डीए को 1 अक्टूबर, 2026 से प्रभावी माना है और इसका भुगतान दिवाली से पहले किए जाने की संभावना है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…
और पढ़ें

