भारत मंडपम में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS Summit 2026) से पहले राजधानी दिल्ली को चमकाने की तैयारी तेज हो गई है. दुनियाभर से आने वाले राष्ट्राध्यक्षों और मेहमानों के स्वागत से पहले नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) ने अपने इलाके में विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया है. अब दिल्ली की प्रमुख सड़कें और बाजार सिर्फ सुबह नहीं, बल्कि रातभर साफ किए जाएंगे, ताकि सुबह होते ही राजधानी की तस्वीर बिल्कुल साफ-सुथरी नजर आए.
एनडीएमसी ने 4 सितंबर से विशेष सफाई व्यवस्था लागू कर दी है. इसके तहत रात की शिफ्ट में करीब 300 सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं. उनके साथ 10 मैकेनिकल रोड स्वीपर भी प्रमुख सड़कों पर सफाई में जुटे हैं. योजना यह है कि रात के समय ही सड़क सफाई और कचरा उठाने का बड़ा हिस्सा पूरा कर लिया जाए, ताकि सुबह की व्यस्तता शुरू होने से पहले सड़कें और सार्वजनिक स्थान साफ नजर आएं.
रात में सफाई, सुबह जेट क्लीनिंग
एनडीएमसी की रणनीति केवल झाड़ू लगाकर सफाई करने तक सीमित नहीं है. रात की टीम जमा और बिखरे कचरे को हटाने, कूड़ेदानों और ट्रॉलियों को खाली करने का काम करेगी. इसके बाद सुबह-सुबह सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जेट क्लीनिंग की जाएगी.
मुख्य बाजारों में सफाई की व्यवस्था को भी पहले से ज्यादा मजबूत किया गया है. यहां अब दिन में तीन बार सुबह, शाम और रात में सफाई की जाएगी. प्रमुख सड़कें और महत्वपूर्ण रास्ते लगातार निगरानी में रहेंगे.
मशीनों की पूरी फौज मैदान में
BRICS समिट से पहले राजधानी को चमकाने के लिए एनडीएमसी ने मशीनों का इस्तेमाल भी बढ़ा दिया है. रात में तैनात 10 मैकेनिकल रोड स्वीपर के अलावा दिन के समय कचरा इकट्ठा करने के लिए 15 गॉबलर मशीनें लगाई जा रही हैं.
वहीं, सड़कों, फुटपाथों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की डीप क्लीनिंग के लिए 11 प्रेशर-जेटिंग मशीनें भी तैनात की गई हैं. यानी कुल मिलाकर 36 आधुनिक मशीनें सफाई अभियान को रफ्तार देती नजर आएंगी.
बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर खास फोकस
एनडीएमसी ने बाजारों, पैदल रास्तों और ज्यादा भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त मैनुअल सफाईकर्मियों की भी व्यवस्था की है. घर-घर और दुकानों से कचरा उठाने की प्रक्रिया को तेज किया गया है, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा होने की स्थिति न बने.
कचरा उठाने के लिए ट्रॉली सेवाएं भी तीन शिफ्टों में चलेंगी. शाम की शिफ्ट में करीब 120 कर्मचारी तैनात रहेंगे, जबकि बाकी टीम सुबह की शिफ्ट में सफाई और नई जरूरतों को पूरा करेगी.
BRICS सम्मेलन के दौरान दिल्ली के वीआईपी और प्रमुख इलाकों में स्वच्छता व्यवस्था में किसी तरह की कमी न रहे, इसके लिए एनडीएमसी ने अपनी सुपरवाइजरी और फील्ड टीमों को 24×7 अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों की छुट्टियां भी सीमित या रद्द की जा सकती हैं.

