Last Updated:
Bed & Breakfast Scheme : सरकार ने आमदनी बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चला रखी हैं, जिनके बारे में ज्यादातर लोगों को पता ही नहीं है. अब आप बेड एंड ब्रेकफास्ट स्कीम को ही ले लीजिए. इस योजना का फायदा मेट्रो शहरों से लेकर दूरदराज के गांवों में रहने वाले भी उठा सकते हैं. योजना के तहत आप घर बैठे लाखों रुपये की कमाई कर सकते हैं.
पर्यटन मंत्रालय के अधीन बेड एंड ब्रेकफास्ट स्कीम को लॉन्च किया गया था.
नई दिल्ली. क्या आप भी शहर से दूर किसी गांव या छोटे कस्बे में रहते हैं, जहां रोजगार और कारोबार के ज्यादा मौके नहीं हैं तो मोदी सरकार की एक स्कीम हर महीने हजारों रुपये की आमदनी कराने में काफी मददगार हो सकती है. इस योजना की खास बात ये है कि इसका फायदा आप मेट्रो शहर से लेकर किसी दूर-दराज के गांव तक में उठा सकते हैं. इस योजना को पर्यटन मंत्रालय के अधीन चलाया जाता है, जिसका नाम है ‘इनक्रेडिबल इंडिया बेड एंड ब्रेकफास्ट एस्टेब्लिशमेंट्स’ योजना.
पर्यटन मंत्रालय की इस योजना का मकसद उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में योग्य जगहों को क्लासिफाई करके स्टैंडर्ड और वर्ल्ड-क्लास बेड एंड ब्रेकफास्ट रहने की सुविधा देना है. यह सुविधा ऐसी जगहों पर दी जाएगी जहां ऐसी कोई मंज़ूरी या मान्यता वाली योजना पहले से नहीं है. यह योजना देश-विदेश के पर्यटकों के लिए साफ-सुथरी, सस्ती और घर जैसा माहौल देने वाले होमस्टे को बढ़ावा देती है. आप जब अपना होमस्टे तैयार कर लेंगे तो रीजनल क्लासिफिकेशन कमेटी इसकी जांच करेगी और क्वालिटी के हिसाब से सिल्वर और गोल्ड कैटेगरी में बांट देगी. मंजूरी मिलने के बाद आपके होमस्टे को पर्यटन मंत्रालय की ऑफिशियल डायरेक्टरी में शामिल किया जाएगा और उसका प्रचार-प्रसार भी सरकार करेगी.
योजना से क्या फायदा होगा
- जब आप अपने होमस्टे को बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना से जोड़ते हैं तो उसे सिल्वर और गोल्ड में क्लासीफाई किया जाता है, जिससे पर्यटकों के बीच उसका रुझान बढ़ता है.
- पर्यटन मंत्रालय आपके होमस्टे को मान्यता देता है, जिससे आपको सरकारी प्लेटफॉर्म पर प्रसार तो मिलता ही है, पर्यटकों के बीच आपकी प्रतिष्ठा भी बढ़ती है.
- पर्यटन मंत्रालय की ऑफिशियल डायरेक्टरी में शामिल होने के बाद आपके होमस्टे को लेकर पर्यटकों के बीच डिमांड भी बढ़ने लगती है.
- सरकार की इस योजना से जुड़ने के बाद आपको हॉस्पिटैलिटी का प्रशिक्षण भी दिया जाता है, जिससे आप यह काम ज्यादा पेशेवर तरीके से कर सकते हैं.
- यह योजना देश में गुणवत्तापूर्ण होमस्टे को बढ़ावा देती है, जिससे घरेलू और ग्लोबल मार्केट में भारतीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.
कौन कर सकता है अप्लाई
- इस योजना में शामिल होने के लिए आवेदन करने वाले को उस जगह का मालिक या प्रमोटर होना जरूरी है, लेकिन उस जगह पर रहना नहीं चाहिए.
- अपने होमस्टे की देखरेख और उसके संचालन के लिए आवेदक को एक एजेंट या ऑपरेट नियुक्त करना होगा, जो हमेशा उसी जगह पर रहेगा.
- योजना में शामिल होने के लिए आपके पास कम से कम 1 कमरा जरूर होना चाहिए, जहां पर्यटक सुकून से विश्राम कर सकें.
- अगर आप योजना से जुड़ते हैं तो ज्यादा से ज्यादा 6 कमरे ही पर्यटकों को किराये पर दिए जा सकते हैं, जिसमें अधिकमत 12 बेड की सुविधा हो सकती है.
- आपका होमस्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट की तर्ज पर ही चलना चाहिए, लेकिन बताना जरूरी नहीं कि आप किस तरह का नाश्ता पर्यटकों को उपलब्ध कराएंगे.
- होमस्टे पर मौजूद ऑपरेटर पर्यटकों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे और इस सेवा पर लगने वाले सभी चार्ज के बारे में पहले से ही बताना होगा.
कैसे करें योजना में अप्लाई
- सबसे पहले ऑफिशियल पोर्टल wvvw.hotelclould.nic.in पर जाएं.
- एप्लीकेशन के लिए सही कैटेगरी (सिल्वर या गोल्ड) चुनें और ज़रूरी जानकारी के साथ ऑनलाइन एप्लीकेशन फ़ॉर्म भरें.
- तय किए गए डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें और जहां लागू हो, वहां ऑनलाइन चेकलिस्ट पूरी करें.
- तय एप्लीकेशन फ़ीस का पेमेंट सिर्फ डिजिटल तरीके से करें और फिर मंज़ूरी के लिए ऑनलाइन एप्लीकेशन सबमिट करें.
- अगर मंज़ूरी बढ़ाने (एक्सटेंशन) के लिए अप्लाई कर रहे हैं, तो उसी पोर्टल के ज़रिए एक्सटेंशन एप्लीकेशन ऑनलाइन
- सबमिट करें और लागू फीस का पेमेंट डिजिटल तरीके से करें.
- सबमिशन के बाद, स्कीम की गाइडलाइंस के अनुसार टूरिज्म मिनिस्ट्री एप्लीकेशन पर कार्रवाई करेगी.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…
और पढ़ें

