Last Updated:
India Bangladesh Relations: पूर्व राजनयिक ने कहा कि तारिक रहमान सरकार भारत यात्रा टालने के लिए शेख हसीना के प्रत्यर्पण को महज एक बहाना बना रही है. जबकि प्रत्यर्पण पूरी तरह से एक लंबी कानूनी प्रक्रिया है. सत्ता में आने के बाद तारिक रहमान का रुख पूरी तरह बदल चुका है और वे जनता के बीच अवामी लीग के बढ़ते समर्थन से खौफ में हैं.
वीणा सिकरी ने कहा कि तारिक रहमान सरकार शेख हसीना के वापस लौटने के ऐलान से डरी हुई है. (फाइल फोटो)
India Bangladesh Relations: बांग्लादेश में भारत की पूर्व उच्चायुक्त वीणा सिकरी ने कहा है कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार शेख हसीना के दिसंबर तक देश लौटने के ऐलान से डरी हुई है. उनके मुताबिक, अवामी लीग की बढ़ती लोकप्रियता की वजह से ही ढाका भारत से दूरी बना रहा है और भारत के न्योते का 6 महीने से जवाब नहीं दे रहा. उन्होंने कहा कि शेख हसीना को बहाना बनाकर रहमान सरकार भारत आने से बच रही है, जबकि प्रत्यर्पण पूरी तरह कानूनी मामला है. पूर्व राजनयिक ने यह भी कहा कि तारिक रहमान खुद कभी शेख हसीना के खिलाफ बोलते थे, लेकिन सत्ता में आते ही उनका रुख बदल गया है.
पूर्व हाई कमिश्नर ने कहा, “प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भारत आने का न्योता छह महीने पहले, फरवरी 2026 में दिया गया था, जब उन्होंने प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली थी. मुझे लगता है कि भारत सरकार की तरफ से पीएम तारिक रहमान को प्रधानमंत्री बनने के बाद मिला पहला न्योता था, और हम छह महीने से जवाब का इंतजार कर रहे हैं. कुछ हफ्ते पहले, हमने बिम्सेटक के चेयरमैन के तौर पर उन्हें ब्रिक्स समिट के लिए दूसरा न्योता दिया था.”
उन्होंने आगे कहा, “मुहम्मद यूनुस के कार्यकाल में अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाए जाने पर तारिक रहमान ने कहा था कि हम किसी भी पार्टी पर लगाए जाने वाले प्रतिबंध का समर्थन नहीं करते हैं. पार्टी सक्रिय रहनी चाहिए. अगर लोग पसंद नहीं करेंगे, तो उस पार्टी के लिए वोट नहीं करेंगे. जब रहमान लंदन में रहते थे, तो वह अक्सर राजनीतिक रैली को वीडियो के माध्यम से संबोधित करते थे. वह सरकार के खिलाफ सभी तरह की टिप्पणी करते थे. शेख हसीना ने कभी भी उन पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया.”
वीणा सिकरी ने कहा कि रहमान के प्रधानमंत्री बनते ही, इस तरह की कार्रवाई हो रही है. वह भारत में नहीं आने के पीछे शेख हसीना को एक वजह के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं. पहले ऐसी चर्चा थी कि 20-22 अगस्त तक रहमान भारत आ सकते हैं. हालांकि, अचानक से शेख हसीना की 5 अगस्त की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद इसे एक मुद्दा बनाया जा रहा है. प्रत्यर्पण एक कानूनी मामला है, जिसमें लंबा वक्त लगता है. बांग्लादेश की सरकार डर गई है. शेख हसीना ने ऐलान किया कि वह दिसंबर तक अपने देश वापस लौट जाएंगी. इसकी वजह से ही रहमान सरकार डर गई है. उन्हें पता है कि अवामी लीग काफी लोकप्रिय है और उनकी लोकप्रियता हर दिन बढ़ रही है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
और पढ़ें

