Last Updated:
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरानी हमले के बाद साइप्रस के जहाज MV GFS गैलेक्सी से भारतीय इंजीनियर हेरंभ करमरकर लापता हैं. 10 भारतीय नाविक सुरक्षित निकाले गए थे. परिवार ने सरकार से करमरकर को बचाने की गुहार लगाई है.
होर्मुज में बीते दिनों भारतीय नाविको के जहाज पर हमला हुआ था.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज एमवी जीएफएस गैलेक्सी (MV GFS Galaxy) पर ईरानी हमले के बाद एक भारतीय इंजीनियर लापता हैं. जहाज पर तैनात भारतीय थर्ड इंजीनियर हेरंभ करमरकर का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है. इस घटना के बाद उनके परिवार की चिंता बढ़ गई है और उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.
जानकारी के मुताबिक हमले के बाद जहाज में भीषण आग लग गई. आग से इंजन रूम को भारी नुकसान पहुंचा, जिसके चलते पूरे चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा. जहाज पर कुल 11 भारतीय नाविक सवार थे. इनमें से 10 को सुरक्षित निकाल लिया गया है, लेकिन हेरंभ करमरकर अब भी लापता हैं.
परिवार के मुताबिक हेरंभ की आखिरी बार रविवार तड़के करीब 2:49 बजे फोन पर बात हुई थी. उस समय उन्होंने खुद को सुरक्षित बताया था. इसके बाद से उनका मोबाइल बंद है और किसी भी माध्यम से उनसे संपर्क नहीं हो पाया है. परिवार लगातार उनके बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है.
घटना के बाद फॉरेन शिपिंग यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने भी चिंता जताई है. यूनियन ने केंद्र सरकार से मांग की है कि हेरंभ करमरकर की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान को और तेज किया जाए. साथ ही परिवार को नियमित रूप से आधिकारिक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अनिश्चितता की स्थिति से बाहर आ सकें.
एफएसयूआई ने यह भी कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ जैसे संवेदनशील समुद्री मार्ग से गुजरने वाले नागरिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जरूरी कदम उठाने चाहिए. यूनियन का कहना है कि इस क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय नाविकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें

