Last Updated:
Farmer Luxury House: एक किसान ने अपने गांव में 2 बीघा जमीन पर ऐसा आलीशान और आधुनिक आशियाना तैयार किया है, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं. यह घर आधुनिक सुविधाओं, आकर्षक डिजाइन और प्राकृतिक वातावरण का बेहतरीन संगम है. इसमें आरामदायक रहने की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे यह शहर के बड़े-बड़े बंगलों को भी टक्कर देता नजर आता है. किसान की सोच, मेहनत और नवाचार ने इस घर को स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना दिया है. यह अनोखा आशियाना ग्रामीण भारत की बदलती तस्वीर और नई सोच का शानदार उदाहरण बनकर उभरा है.
आज के दौर में जहां बेहतर सुविधाओं की तलाश में लोग गांव छोड़कर शहरों की ओर पलायन कर रहे हैं, वहीं करौली जिले की ग्राम पंचायत सनेट के गांव कांधरोली का एक किसान परिवार इस सोच को बदलता नजर आ रहा है.
इस गांव के किसान भगवान सिंह गुर्जर ने अपने गांव में ही ऐसा खूबसूरत और आधुनिक आशियाना तैयार किया है, जो अपनी भव्यता, हरियाली और आध्यात्मिक माहौल के कारण लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया है.
गांव के बीचों-बीच खेतों के बीच स्थित यह घर आज शहरों के कई आलीशान बंगलों को भी खूबसूरती और प्राकृतिक वातावरण के मामले में चुनौती देता दिखाई देता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
घर के मालिक भगवान सिंह गुर्जर बताते हैं कि अधिकांश लोग गांव छोड़कर शहरों में घर बनाने का सपना देखते हैं, लेकिन उन्होंने अपने गांव को ही प्राथमिकता दी. करीब 2 बीघा क्षेत्र में बने इस आशियाने को इस तरह तैयार किया गया है कि यहां आधुनिक सुविधाओं के साथ ग्रामीण संस्कृति और प्रकृति का भी अद्भुत मेल दिखाई देता है.
वे बताते हैं कि दिल्ली, मुंबई सहित दूर-दराज से आने वाले रिश्तेदार और मेहमान भी इस घर की बनावट और खूबसूरती की जमकर तारीफ करते हैं.
इस घर की सबसे बड़ी खासियत इसकी हरियाली और आध्यात्मिक वातावरण है. परिसर में 70 प्रकार के फलदार, छायादार और सजावटी पौधे लगाए गए हैं, जो पूरे घर को प्राकृतिक सौंदर्य से भर देते हैं. इसके अलावा परिसर में विशाल शिव मंदिर बनाया गया है और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पांच हवन कुंड भी तैयार किए गए हैं.
घर में प्रवेश करते ही चारों ओर फैली हरियाली, सुव्यवस्थित बगीचा और आकर्षक वास्तुकला लोगों का मन मोह लेती है. घर के मालिक भगवान सिंह गुर्जर का कहना है कि उन्होंने घर को केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि प्रकृति के बीच सुकून देने वाला आशियाना बनाने का प्रयास किया है.
आज अधिकांश लोग गांव छोड़कर शहरों में बसने की सोच रखते हैं, लेकिन भगवान सिंह गुर्जर ने गांव में ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त शानदार घर बनाकर यह संदेश दिया है कि यदि इच्छा हो तो गांव में भी शहर जैसी सुख-सुविधाओं और प्राकृतिक वातावरण के बीच बेहतर जीवन जिया जा सकता है. उनका यह प्रयास ग्रामीणों के लिए प्रेरणा बन रहा है और गांव में रहकर बेहतर जीवनशैली विकसित करने की मिसाल पेश कर रहा है.

