Last Updated:
PM Modi New Zealand Visit Live Updates: न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने ऑकलैंड स्थित गवर्नमेंट हाउस में पीएम मोदी का औपचारिक स्वागत किया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद दोनों नेताओं के …और पढ़ें

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने ऑकलैंड स्थित गवर्नमेंट हाउस में पीएम मोदी का औपचारिक स्वागत किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक न्यूजीलैंड दौरे का आज बेहद अहम दिन है. ऑकलैंड स्थित गवर्नमेंट हाउस में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने उनका औपचारिक स्वागत किया. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. स्वागत समारोह के बाद दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, हिंद-प्रशांत क्षेत्र, आर्थिक साझेदारी और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई.
करीब चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड यात्रा हो रही है. ऐसे में इस दौरे को दोनों देशों के संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है. विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेता पिछले दो वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और भविष्य के सहयोग की नई रूपरेखा पर भी विचार करेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान न्यूजीलैंड के प्रमुख उद्योगपतियों और खेल जगत की हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे. इसके अलावा ऑकलैंड में भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे. माना जा रहा है कि अपने संबोधन में प्रधानमंत्री भारत की वैश्विक भूमिका, आर्थिक विकास और भारत-न्यूजीलैंड साझेदारी को और मजबूत करने का संदेश देंगे.
PM Modi New Zealand Visit Live Updates: न्यूजीलैंड की अपनी पहली यात्रा को पीएम मोदी ने बताया ऐतिहासिक
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को ऑकलैंड पहुंचने पर इस यात्रा को ‘ऐतिहासिक’ बताया था. सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर उन्होंने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का एयरपोर्ट पर स्वागत करने के लिए आभार जताते हुए लिखा कि चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली न्यूजीलैंड यात्रा है. उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री लक्सन के साथ भारत-न्यूजीलैंड मित्रता के सभी पहलुओं पर व्यापक चर्चा को लेकर उत्साहित हैं. साथ ही भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को संबोधित करने की भी बात कही.

