Last Updated:
केतन अग्रवाल मर्डर केस में तीसरे शख्स की एंट्री से पुलिस भी हैरान हो गई है. पुणे पुलिस ने चेतन चौधरी के सहपाठी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है. सूत्रों के मुताबिक उसने पुलिस के सामने कई राज खोले हैं जिससे पुलिस को शक है कि वह हत्या की साजिश के बारे में पहले से सब कुछ जानता था.
केतन अग्रवाल मर्डर मामले में नए शख्स की एंट्री ने चौंका दिया है. पुलिस चेतन के सहपाठी से पूछताछ कर रही है. उसने कई राज खोले हैं.
पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है.केतन की हत्या में सिया और चेतन चौधरी के अलावा अब तीसरे रहस्यमयी शख्स की एंट्री हो गई है. यह शख्स कोई और नहीं बल्कि चेतन का सहपाठी है. पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े जाने के बाद इसने कई बड़े राज से पर्दा उठा दिया है.
पुणे पुलिस ने आरोपी चेतन चौधरी के एक सहपाठी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को शक है कि यह छात्र हत्या की साजिश के बारे में पहले से जानता था और अपराध के बाद चेतन व सिया गोयल दोनों से मिला भी था.
पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, यह सहपाठी हत्याकांड की योजना से “वाकिफ” था. जांचकर्ता अब यह पता लगा रहे हैं कि उसकी आरोपी चेतन चौधरी और सिया गोयल के साथ क्या बातचीत हुई, क्या उसने साजिश के बारे में पहले जानकारी ली थी और अपराध के बाद कोई सबूत या चर्चा हुई थी या नहीं. फिलहाल पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस छात्र को गवाह बनाया जाएगा या उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
चेतन चौधरी के क्लासमेट के इस केस से जुड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस के भी कान खड़े हो गए हैं. वहीं उससे पूछताछ में पुलिस को ऐसे सुराग मिले हैं कि उसे इस हत्याकांड की योजना के बारे में पहले से पता था. ऐसे में पुलिस अब इससे और भी कड़ाई से पूछताछ कर रही है.
केतन मामले में यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब पुलिस सिया गोयल (22) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी के खिलाफ मामला मजबूत कर रही है और ज्यादा से ज्यादा सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है. ऐसे में चेतन के सहपाठी का सामने आना, पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि हो सकती है.
बता दें कि 18 जून को लोहगढ़ किले पर केतन को खाई में धकेलकर मार दिया गया था. पुलिस का कहना है कि यह हत्या पूर्व नियोजित थी. हत्या से पहले कई असफल प्रयास हुए थे और हत्या से कुछ दिन पहले दोनों ने घटनास्थल पर रिहर्सल भी किया था.
पुलिस ने डिजिटल साक्ष्य, फॉरेंसिक रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को दोबारा तैयार किया है. बुधवार को पुलिस सिया गोयल को पुणे के मार्केट यार्ड स्थित उसके घर ले गई, जहां से अपराध के दिन पहने गए कपड़े बरामद किए गए. इस दौरान सिया ने मीडिया और लोगों की ओर अश्लील इशारा करते हुए मिडिन फिंगर दिखाई, जिसकी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो गए.
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पॉलीग्राफ टेस्ट (झूठ डिटेक्टर) और अन्य फॉरेंसिक जांच कराने की तैयारी कर रही है. केतन को लोहागढ़ घुमाने के बहाने ले जाकर हत्या की गई. शुरू में दोनों ने इसे दुर्घटना बताने की कोशिश की, लेकिन कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा और सीसीटीवी फुटेज ने सारी सच्चाई उजागर कर दी. पुलिस अब इस सहपाठी की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है। पूरा मामला सनसनीखेज मोड़ ले चुका है. जांच जारी है.
About the Author
Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …और पढ़ें

