गोंडा: बरसात का मौसम सिर्फ खेती के लिए ही नहीं, बल्कि बागवानी के लिए भी सबसे अच्छा माना जाता है. इस समय मिट्टी में पर्याप्त नमी रहती है, जिससे पौधे आसानी से जड़ पकड़ लेते हैं और तेजी से बढ़ते हैं. अगर आप अपने घर, आंगन या गार्डन को रंग-बिरंगे फूलों से सजाना चाहते हैं, तो मानसून में फूलदार पौधे लगाना सबसे बेहतर विकल्प है.
क्यों खास है मानसून का मौसम
लोकल 18 से बातचीत में गोंडा के सत्यम शुक्ला ने बताया कि बारिश के मौसम में पौधों को प्राकृतिक नमी मिलती रहती है. इससे उनकी जड़ों का विकास तेजी से होता है और पौधे कम समय में अच्छी बढ़वार कर लेते हैं. यही वजह है कि मानसून को पौधे लगाने का सबसे उपयुक्त समय माना जाता है.
ये 6 फूलदार पौधे बनेंगे आपके गार्डन की शान
सत्यम शुक्ला बताते हैं कि बरसात में सावनी, गेंदा, गुड़हल, गुलाब, रजनीगंधा और रनर चंपा जैसे पौधे आसानी से लगाए जा सकते हैं. ये पौधे कम देखभाल में भी अच्छी तरह बढ़ते हैं और लंबे समय तक फूल देते हैं. इन्हें घर के मुख्य द्वार, आंगन, बालकनी, छत या गार्डन में लगाया जा सकता है.
पौधे लगाते समय न करें ये गलती
सत्यम शुक्ला बताते हैं कि पौधों को ऐसी जगह लगाएं, जहां पानी जमा न हो. अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी का इस्तेमाल करें और समय-समय पर जैविक खाद डालें. साथ ही खरपतवार हटाते रहें, ताकि पौधों को पर्याप्त पोषण मिल सके. लगातार पानी भरा रहने से जड़ें सड़ सकती हैं और पौधा खराब हो सकता है.
कम मेहनत में मिलेगा खूबसूरत बगीचा
सत्यम शुक्ला बताते हैं कि अगर आप इस बरसात इन फूलदार पौधों को लगाते हैं और उनकी सामान्य देखभाल करते हैं, तो कुछ ही समय में आपका घर और गार्डन रंग-बिरंगे फूलों से खिल उठेगा. इससे न सिर्फ घर की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि आसपास का वातावरण भी ताजगी और हरियाली से भर जाएगा.
गमलों में भी लगा सकते हैं ये पौधे
सत्यम शुक्ला बताते हैं कि अगर आपके पास बड़ा बगीचा नहीं है, तब भी चिंता की बात नहीं है. इन सभी पौधों को गमलों में आसानी से लगाया जा सकता है. छत, बालकनी, बरामदे या घर के मुख्य द्वार पर रखे गमले भी आपके घर की खूबसूरती बढ़ा सकते हैं. सही धूप, पानी और थोड़ी-सी देखभाल से ये पौधे लंबे समय तक फूल देते रहते हैं.

