Last Updated:
दिल्ली में बीजेपी के सियासी गलियारों में हलचल तेज है.पार्टी की नई केंद्रीय टीम को लेकर अटकलों के बीच भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से करीब तीन घंटे तक लंबी बैठक की.इस बैठक में संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष की मौजूदगी ने भी सियासी संकेतों को और मजबूत कर दिया.
नितिन नवीन और अमित शाह की मीटिंग में बीजेपी टीम में फेरबदल को लेकर चर्चा हुई. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय टीम में फेरबदल की अटकलों के बीच पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. सूत्रों के मुताबिक, शाह के आवास पर हुई करीब तीन घंटे की बैठक में भाजपा के महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष भी मौजूद थे. हालांकि इस मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई, लेकिन इसमें कई मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें भाजपा के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम के गठन का विषय भी शामिल था.
सूत्रों के मुताबिक, जनवरी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नवीन के नेतृत्व वाली भाजपा की नई केंद्रीय टीम में ‘वरिष्ठ और युवा नेताओं’ को जगह मिलने की संभावना है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार में पद संभाल रहे कुछ नेताओं को भी पार्टी में शामिल किया जा सकता है और उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं. सूत्रों ने बताया कि भाजपा की नई केंद्रीय टीम में शामिल किए जाने वाले नेताओं के नामों की घोषणा जल्द ही की जाएगी.
यह बैठक केवल संगठनात्मक समीक्षा तक सीमित नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे भाजपा के भविष्य के राजनीतिक रोडमैप, नई नेतृत्व टीम और आगामी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है. संकेत साफ हैं कि पार्टी अनुभव और युवा नेतृत्व के बीच नया संतुलन बनाकर संगठन को अगले चुनावी दौर के लिए तैयार करना चाहती है.
भाजपा में संगठनात्मक बदलाव की आहट अब साफ सुनाई देने लगी है. केंद्र की सत्ता में लगातार तीसरे कार्यकाल के बीच पार्टी नेतृत्व अब संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है. इसी रणनीति के तहत भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष की लंबी बैठक को महज औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि संगठन के पुनर्गठन की दिशा में निर्णायक कदम माना जा रहा है.
माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों, 2029 की राजनीतिक तैयारी और संगठन में नई ऊर्जा भरने के लिए पार्टी जल्द ही केंद्रीय पदाधिकारियों की नई टीम का ऐलान कर सकती है, जिसमें वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और युवा चेहरों की सक्रिय भूमिका का संतुलित मिश्रण देखने को मिल सकता है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें

