Last Updated:
Adani Green Energy : दिल्ली और मुंबई जैसे शहर सालभर में जितनी बिजली की खपत करते हैं, उससे ज्यादा उत्पादन अकेले अडानी ग्रीन एनर्जी करती है. इस कंपनी की सालाना उत्पादन क्षमता 20 गीगावाट पहुंच गई है और यहां तक पहुंचने वाली अडानी ग्रीन देश की पहली कंपनी है.
अडानी ग्रीन न्यूयार्क की सालाना खपत जितनी बिजली अकेले बना रही है.
नई दिल्ली. अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) देश की पहली ऐसी रिन्यूवेबल एनर्जी कंपनी बन गई है, जिसकी सालाना उत्पादन क्षमता 20 गीगावाट से अधिक पहुंच गई है. इस क्षमता के साथ ही अडानी ग्रीन पूरी तरह नई परियोजनाओं के जरिये यह उपलब्धि हासिल करने वाली भारत की पहली स्वच्छ ऊर्जा कंपनी बन गई है. कंपनी अब सालाना 52 अरब यूनिट से अधिक स्वच्छ बिजली का उत्पादन करती है. यह दिल्ली के पूरे साल में कुल खपत के मुकाबले डेढ़ गुना से भी अधिक है.
अडानी समूह की कंपनी ने बताया कि यह उत्पादन भारत की कुल बिजली खपत का लगभग 3 फीसदी है. यह न्यूयॉर्क शहर की एक साल की बिजली जरूरत पूरी करने या मुंबई और दिल्ली की एक साल में कुल खपत के बराबर है. यह उपलब्धि साल 2016 में तमिलनाडु के कामुथी में एजीईएल की पहली नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना शुरू होने के एक दशक के भीतर हासिल की गई है. इससे कंपनी भारत में नई (ग्रीनफील्ड) परियोजनाओं के साथ सबसे बड़ी एवं सबसे तेज नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता जोड़ने वाली कंपनी बन गई है.
चीन के बाद सबसे ज्यादा उत्पादन
अडानी ग्रीन ने वित्तवर्ष 2025-26 में 5,051 मेगावाट नई क्षमता जोड़ी, जो चीन के बाहर किसी भी कंपनी द्वारा एक वर्ष में जोड़ी गई सबसे अधिक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता है. इस उपलब्धि पर अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) के कार्यकारी निदेशक सागर अडानी ने बताया कि 20 गीगावाट का आंकड़ा पार करना दिखाता है कि अनुशासित होकर काम करने से क्या हासिल किया जा सकता है. आज हमारी कंपनी मुंबई और दिल्ली की कुल सालाना बिजली खपत जितनी एनर्जी सिर्फ नवीकरणीय ऊर्जा से उपलब्ध करा रही है.
सोलर एनर्जी से सबसे ज्यादा उत्पादन
अडानी ग्रीन के कुल उत्पादन में लगभग 14.2 गीगावाट सौर, 2.7 गीगावाट पवन और 3.3 गीगावाट पवन-सौर हाइब्रिड क्षमता से आता है. इसके अलावा एजीईएल ने 3.55 गीगावाट-घंटा (जीडब्ल्यूएच) क्षमता वाला बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) भी चालू किया है. यह चीन के बाहर दुनिया का इस तरह का सबसे बड़ा सेंटर है और वैश्विक स्तर पर सबसे तेजी से चलने वाले प्रोजेक्ट में से एक है. एक अनुमान के मुताबिक, दिल्ली में सालाना करीब 30 अरब यूनिट बिजली की खपत होती है.
बैटरी क्षमता में भी तेज ग्रोथ
सागर अडानी ने बताया कि एजीईएल की योजना वित्तवर्ष 2026-27 में 10 गीगावाट-घंटा बैटरी भंडारण क्षमता जोड़ने और अगले पांच वर्षों में इसे बढ़ाकर 50 गीगावाट-घंटा करने की है. इससे साल 2030 तक 50 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी. अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) भारत की सबसे बड़ी और दुनिया की बड़ी नवीकरणीय ऊर्जा कंपनियों में से एक है. कंपनी बड़े पैमाने पर ग्रिड से जुड़ी सौर, पवन, हाइब्रिड और ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं का विकास, स्वामित्व और संचालन करती है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें

