Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस में हर पल नए खुलासे हो रहे हैं. सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर लोहागढ़ किले से अपने मंगेतर केतन अग्रवाल को धक्का दिया था. इससे केतन की मौत हो गई थी. अब इसी सिलसिले में पुलिस को नई जानकारी मिली है. जी हां, केतन अग्रवाल की हत्या के आरोपी कपल सिया गोयल और चेतन चौधरी की उदयपुर ट्रिप का राज खुला है. महाराष्ट्र पुलिस का कहना है कि सगाई से कुछ दिन पहले सिया और चेतन उदयपुर गए थे. वहां उन्होंने कई दिन साथ में वक्त बिताए थे. इतना ही नहीं, प्रेमी चेतन के लिए सिया ने केतन से एक करोड़ रुपए भी ऐंठे.
जी हां, केतन से सगाई होने के कुछ हफ्ते पहले सिया गोयल और चेतन चौधरी उदयपुर जाने वाले एक ग्रुप का हिस्सा थे. यानी वे दोनों साथ में उदयपुर गए थे. उन्होंने कई दिन साथ बिताए. बता दें कि महाराष्ट्र के एक अमीर व्यापारी के बेटे केतन अग्रवाल और सिया गोयल की फरवरी में सगाई हुई थी. सोशल मीडिया पर उनकी रील्स, पोस्ट और वीडियो से ऐसा दिखता है कि केतन और सिया इस रिश्ते से काफी खुश थे. मगर यह एक दिखावा था. इसके पीछे एक बड़ी साजिश थी. वह साजिश थी केतन की हत्या. जिसका सच अब सबके सामने है. सिया और चेतन अभी पुलिस हिरासत में हैं.
क्या उदयपुर ट्रिप पर बना मर्डर का प्लान?
अब सवाल है कि क्या उदयपुर में ही केतन की हत्या की प्लानिंग हुई थी? क्या उदयपुर ट्रिप एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है? क्या दोनों के परिवार को उनकी ट्रिप के बारे में नहीं पता था? पुलिस अब उदयपुर वाले एंगल, उनके रिश्ते की पूरी टाइमलाइन, यात्रा के रिकॉर्ड और अब तक मिले सभी सबूतों की बारीकी से जांच करके साजिश की कड़ियों को जोड़ रही है.
सिया गोयल ने पुलिस को क्या बताया
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सिया गोयल ने कहा कि वह कभी भी केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी. जांच में पता चला कि सिया का मानना था कि अगर केतन की हत्या हो जाती है, तो उसे शादी के बारे में दोबारा सोचने के लिए आसानी से कम से कम तीन साल मिल जाएंगे. जांच में यह भी पता चला कि सिया और चेतन दोनों को डर था कि शादी तोड़ने से उनकी बदनामी होगी.
प्रेमी के लिए एक करोड़ रुपए ऐंठे
एनडीटीवी की रिपोर्ट में बताया गया कि सिया तीन साल बाद चेतन से शादी करना चाहती थी. साजिश के तहत सिया गोयल ने कथित तौर पर खरीदारी के बहाने केतन अग्रवाल से 1 करोड़ रुपये लिए और सीधे चेतन को दे दिए. वह इस पैसे का इस्तेमाल अपना करियर और बिजनेस जमाने के लिए करना चाहता था. चेतन ने सिया को भरोसा दिलाया कि पैसे मिलने के बाद उसे अपने पैरों पर खड़े होने में कम तीन साल की जरूरत होगी. प्लान यह भी था कि केतन के मरने के बाद चेतन खुद सिया के परिवार से मिलता और उससे शादी की बात करता.
‘मंगेतर के बैठते ही प्रेमी ने किया हमला’
बहरहाल, लोहागढ़ किले में 25 साल के केतन अग्रवाल की कथित हत्या की जांच कर रही पुणे ग्रामीण पुलिस ने नया खुलासा किया है. पुलिस को पता चला है कि केतन की हत्या के लिए एक सिग्नल प्लान तैयार था. सिया ने अपने प्रेमी चेतन से कहा था कि जैसे वह बैठेगी, वैसे ही केतन को धक्का देना है. तय योजना के अनुसार, जैसे ही सिया जमीन पर बैठी, यह चेतन के लिए इशारा था. वह पीछे से आया और केतन अग्रवाल को चट्टान से धक्का दे दिया.
पुलिस का कहना है कि सिया इसलिए दूर बैठी थी ताकि धक्का लगने पर केतन उसे पकड़ न सके. जांच में यह भी सामने आया कि 31 मई को लोहागढ़ किले की पिछली यात्रा के दौरान भी सिया ने कथित तौर पर केतन को धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन तब वह झाड़ी पकड़कर बच गया था. तब सिया ने सांप देखने का बहाना बनाया था.

