Tamil Nadu Government Formation Live News: तमिलनाडु की राजनीति इस समय बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है. चुनाव नतीजे आए चार दिन बीत चुके हैं लेकिन राज्य में सरकार गठन का रास्ता अब भी साफ नहीं हो पाया है. अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए 108 सीटें जीतकर सभी को चौंका दिया, लेकिन बहुमत के आंकड़े से कुछ कदम दूर रह गई. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद विजय सरकार बना पाएंगे? या फिर संख्या का खेल उनकी राह रोक देगा? इसी बीच गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने लगातार दूसरी बार विजय को यह कहकर लौटा दिया कि बहुमत साबित किए बिना सरकार बनाने की अनुमति नहीं दी जा सकती. दूसरी तरफ TVK ने साफ संकेत दे दिए हैं कि अगर DMK और AIADMK साथ आए तो उनके 107 विधायक इस्तीफा देने तक को तैयार हैं. तमिलनाडु में अब यह सिर्फ सत्ता की लड़ाई नहीं रह गई है, बल्कि राजनीतिक प्रतिष्ठा और जनादेश की व्याख्या का बड़ा संघर्ष बन चुका है. वहीं विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के विधायक तमिलनाडु में जारी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच आज सुबह 9 बजे पन्नैयूर स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक करेंगे.
विजय की पार्टी का दावा है कि सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते उन्हें पहले सरकार बनाने का मौका मिलना चाहिए और बहुमत परीक्षण विधानसभा में होना चाहिए. पार्टी के अंदर भी बेचैनी बढ़ती दिख रही है. गुरुवार को TVK विधायकों की अहम बैठक हुई, जिसमें कई विधायकों ने पूछा कि आखिर सरकार गठन में देरी क्यों हो रही है. पार्टी महासचिव ‘बुस्सी’ एन आनंद ने विधायकों से धैर्य रखने को कहा और भरोसा दिलाया कि विजय लगातार प्रयास कर रहे हैं. लेकिन दूसरी ओर राज्यपाल का रुख साफ है कि 118 विधायकों का समर्थन दिखाए बिना सरकार गठन संभव नहीं होगा. कांग्रेस के समर्थन के बावजूद TVK का आंकड़ा 113 तक ही पहुंच रहा है. ऐसे में तमिलनाडु की राजनीति में अब जोड़-तोड़, रणनीति और संभावित गठबंधन की चर्चाएं तेज हो गई हैं.
TVK ने चुनाव में 108 सीटें जीतकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया. लेकिन चुनाव आयोग के नियम के मुताबिक विजय को अपनी दो सीटों में से एक छोड़नी होगी. ऐसे में पार्टी की संख्या घटकर 107 रह जाएगी. कांग्रेस के समर्थन के बाद भी आंकड़ा 113 तक ही पहुंच पा रहा है, जबकि सरकार बनाने के लिए 118 सीटें जरूरी हैं. यही वजह है कि गवर्नर ने विजय से साफ कहा कि सिर्फ सबसे बड़ी पार्टी होना काफी नहीं है. सरकार बनाने के लिए स्पष्ट बहुमत जरूरी है. लगातार दूसरी बार विजय को बिना मंजूरी लौटाए जाने के बाद TVK समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई है. TVK नेताओं का कहना है कि राज्यपाल को विजय को शपथ दिलानी चाहिए और बहुमत साबित करने का मौका विधानसभा में देना चाहिए. पार्टी का तर्क है कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला सदन के फ्लोर पर होना चाहिए, न कि राजभवन में.
दूसरी तरफ DMK और AIADMK की गतिविधियों पर भी सबकी नजर है. TVK ने बड़ा राजनीतिक संदेश देते हुए कहा है कि अगर दोनों दल मिलकर सरकार बनाने की कोशिश करते हैं, तो उनके सभी 107 विधायक इस्तीफा देने को तैयार हैं. इससे साफ है कि पार्टी किसी भी कीमत पर विपक्षी दलों के गठजोड़ को स्वीकार करने के मूड में नहीं है.
सूत्रों के मुताबिक विजय लगातार दूसरे दलों और निर्दलीय विधायकों से संपर्क में हैं. पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि कुछ और समर्थन मिलने पर सरकार गठन का रास्ता साफ हो सकता है. TVK की रणनीति फिलहाल राजनीतिक दबाव बनाने की भी दिखाई दे रही है. राजनीतिक जानकार मानते हैं कि तमिलनाडु की राजनीति अब बेहद संवेदनशील दौर में पहुंच चुकी है. अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो राज्य में संवैधानिक संकट जैसी स्थिति भी बन सकती है.
Tamil Nadu Government Formation Live: विजय को रोकने के लिए करीब आए DMK-AIADMK?
तमिलनाडु सरकार संकट लाइव: तमिलनाडु में चुनाव बाद की राजनीतिक स्थिति लगातार पेचीदा होती जा रही है. शुक्रवार को को सरकार गठन की कवायद उस समय नए मोड़ पर पहुंच गई, जब द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) नेतृत्व ने अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIDMK) को बाहर से समर्थन देने की संभावना पर गंभीरता से विचार शुरू किया. माना जा रहा है कि इसका मुख्य उद्देश्य थलापति विजय को मुख्यमंत्री बनने से रोकना है. सूत्रों के मुताबिक AIDMK के प्रस्ताव पर डीएमके मंथन कर रही है और अब सबकी नजर एमके स्टालिन के फैसले पर टिकी है, जिससे विजय की राजनीतिक किस्मत तय हो सकती है.
Tamil Nadu Government Formation Live News: चेन्नई में लोक भवन के बाहर लगे पोस्टर में विजय के साथ दिखे राहुल गांधी
तमिलनाडु सरकार संकट लाइव: तमिलनाडु में जारी राजनीतिक हलचल के बीच चेन्नई स्थित लोक भवन के सामने लगाए गए एक पोस्टर में विजय और राहुल गांधी की तस्वीर साथ दिखाई दी. यह पोस्टर ऐसे समय सामने आया है जब कांग्रेस ने TVK को समर्थन दिया है और राज्य में सरकार गठन को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हैं.
Tamil Nadu Government Formation Live Updates: विजय को सरकार बनाने का न्योता न मिलने पर TVK समर्थकों का प्रदर्शन
तमिलनाडु सरकार संकट लाइव: तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार सुबह चेन्नई स्थित लोक भवन के बाहर प्रदर्शन किया और विजय को अब तक सरकार बनाने के लिए आमंत्रित न किए जाने पर राज्यपाल के खिलाफ नाराजगी जताई. तमिलनाडु में जारी राजनीतिक संकट के बीच कांग्रेस ने भी राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है.
Tamil Nadu Government Formation Live: क्या DMK और AIDMK साथ आ रहे हैं?
तमिलनाडु सरकार संकट लाइव: तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर ऐसी अटकलें तेज हैं कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIDMK) मिलकर तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को सत्ता से बाहर रखने की कोशिश कर सकते हैं. हालांकि झऊघ से बातचीत में एक वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक ने कहा कि इस तरह की कोई बातचीत अब तक नहीं हुई है. वहीं डीएमके नेता वी मधिवानन ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता ऐसे किसी गठबंधन को स्वीकार नहीं करेंगे और किसी समझौते की कोई कोशिश नहीं चल रही है. उन्होंने कहा कि अगर गठबंधन की कोई संभावना होती तो चुनाव नतीजों के तुरंत बाद दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं के बीच बातचीत शुरू हो जाती.
Tamil Nadu Government Formation Live News: सरकार गठन संकट के बीच DMK ने स्टालिन को दिए बड़े फैसलों के अधिकार
तमिलनाडु सरकार संकट लाइव: द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) ने विधायक दल की बैठक के बाद जारी प्रस्ताव में कहा कि तमिलनाडु एक और चुनाव के लिए तैयार नहीं है और पार्टी की प्राथमिकता राज्य में स्थिर सरकार बनाना है. पार्टी ने यह भी कहा कि द्रविड़ आंदोलन की नीतियों को कमजोर करने वाली सांप्रदायिक ताकतों को जगह न मिले, यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है. प्रस्ताव में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि एमके स्टालिन को मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में तुरंत और जरूरी फैसले लेने का पूरा अधिकार दिया जाता है.
Tamil Nadu Government Formation Live Updates: पार्टी कार्यालय पहुंचे टीवीके विधायक
तमिलनाडु सरकार संकट लाइव: तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के विधायक तमिलनाडु में जारी राजनीतिक हलचल के बीच पार्टी कार्यालय पहुंचने लगे हैं. माना जा रहा है कि बैठक में सरकार गठन, बहुमत के आंकड़े और आगे की रणनीति पर महत्वपूर्ण चर्चा की जाएगी.
Tamil Nadu Government Formation Live: दूसरी मुलाकात के बाद भी विजय को सरकार बनाने का न्योता नहीं
तमिलनाडु सरकार संकट लाइव: विजय और तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर के बीच दो दिनों में दूसरी मुलाकात गुरुवार को हुई. बैठक के बाद राज्यपाल कार्यालय ने बयान जारी कर कहा कि तमिलनाडु विधानसभा में सरकार गठन के लिए जरूरी बहुमत का समर्थन अभी तक स्थापित नहीं हुआ है. राज्यपाल ने अब तक तमिलगा वेत्री कझगम की बड़ी जीत के बावजूद विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किया है.
Tamil Nadu Government Formation Live News: समर्थन पत्र सौंपने के बाद पुडुचेरी रिजॉर्ट छोड़ने लगे AIDMK विधायक
तमिलनाडु सरकार संकट लाइव: अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIDMK) के कई विधायक समर्थन पत्र सौंपने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुडुचेरी स्थित रिजॉर्ट से निकलने लगे हैं. सूत्रों के मुताबिक गुरुवार को हुई बैठकों के दौरान विधायकों से समर्थन पत्र लिए गए, जिसके बाद अधिकांश विधायक होटल छोड़ चुके हैं, जबकि कुछ सदस्य अब भी वहां ठहरे हुए हैं. बताया जा रहा है कि बाकी विधायक भी शुक्रवार शाम तक रिजॉर्ट से रवाना हो सकते हैं.
Tamil Nadu Government Formation Live Updates: कांग्रेस का समर्थन भी टीवीके को नहीं बचा पाएगा: AIDMK
तमिलनाडु सरकार संकट लाइव: अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIDMK) ने कहा है कि कांग्रेस के पांच विधायकों का समर्थन मिलने के बावजूद तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) बहुमत के आंकड़े 118 तक नहीं पहुंच पाएगी. AIDMK प्रवक्ता कोवाई सत्यन ने कहा कि कांग्रेस का समर्थन टीवीके को बचाने वाला नहीं है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, कांग्रेस ने जहाज में छेद कर दिया है और यह ऐसा है जैसे जहाज को और तेजी से डुबाने में मदद की जा रही हो.
Tamil Nadu Government Formation Live: तमिलनाडु की सियासी हलचल के बीच सुबह 9 बजे होगी TVK विधायकों की बैठक
तमिलनाडु सरकार संकट लाइव: विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के विधायक तमिलनाडु में जारी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच आज सुबह 9 बजे पन्नैयूर स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक करेंगे. माना जा रहा है कि इस बैठक में सरकार गठन और मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर अहम चर्चा हो सकती है.
Tamil Nadu Government Formation Live News: विजय को सत्ता से दूर रखने के लिए AIDMK ने मांगा DMK का समर्थन: स्टालिन
तमिलनाडु सरकार संकट लाइव: एमके स्टालिन ने कथित तौर पर डीएमके विधायकों को बताया कि अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (TVK) ने सरकार बनाने और सी जोसेफ विजय को मुख्यमंत्री बनने से रोकने के लिए द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) से समर्थन मांगा है. टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक DMK विधायकों ने अंतिम फैसला स्टालिन पर छोड़ दिया है. वहीं AIDMK महासचिव ईडप्पादी के पलानीस्वामी ने शुक्रवार को राज्यपाल आर वी अर्लेकर से मुलाकात का समय मांगा है.
Tamil Nadu Government Formation Live Updates: तमिलनाडु में सियासी हलचल तेज, AIDMK और DMK ने बुलाई विधायक बैठक
तमिलनाडु सरकार संकट लाइव: तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी अटकलों के बीच AIDMK और DMK ने अपने-अपने विधायकों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं और उन्हें पार्टी नेतृत्व के हर फैसले का पालन करने के निर्देश दिए. वहीं विजय की तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के सूत्रों ने कहा कि अगर AIDMK और DMK साथ आते हैं तो विधायकों के इस्तीफे को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है. इस बीच राज्य में राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं, क्योंकि भारतीय कांग्रेस ने आज सुबह 11 बजे राज्यपाल और बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन करने का ऐलान किया है.
Tamil Nadu Government Formation Live: पुडुचेरी के लग्जरी रिजॉर्ट में ठहराए गए एआईएडीएमके विधायक
तमिलनाडु सरकार संकट लाइव: अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम के विधायक इस समय पुडुचेरी के एक लग्जरी रिजॉर्ट में कड़ी निगरानी के बीच ठहरे हुए हैं, जहां उनका पूरा खर्च पार्टी उठा रही है. सूत्रों के मुताबिक विधायकों की निगरानी एआईएडीएमके विधायक लीमा रोज और एलजेके के जोस चार्ल्स मार्टिन कर रहे हैं. पार्टी ने विधायकों को सख्त संचार अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए हैं. वहीं एआईएडीएमके प्रमुख ईडप्पादी के पलानीस्वामी ने विधायकों से कहा है कि वे प्रतिद्वंद्वी दलों, मीडिया या बाहरी लोगों से किसी भी तरह का संपर्क न रखें.
Tamil Nadu Government Formation Live News: विजय को सरकार बनाने का मौका मिलना चाहिए: डीके शिवकुमार
तमिलनाडु सरकार संकट लाइव: डीके शिवकुमार ने कहा है कि तमिलनाडु में विजय को सरकार बनाने का मौका न देना अनुचित होगा. उन्होंने कहा कि राज्यपाल को सबसे बड़ी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करना चाहिए और सदन में बहुमत साबित करने के लिए फ्लोर टेस्ट कराने को कहना चाहिए. कांग्रेस के समर्थन के बाद टीवीके का आंकड़ा 113 तक पहुंच गया है, लेकिन पार्टी अब भी बहुमत के लिए जरूरी संख्या से पीछे है.
Tamil Nadu Government Formation Live Updates: बहुमत से 5 सीट दूर टीवीके, सरकार गठन पर संकट बरकरार
तमिलनाडु सरकार संकट लाइव: तमिलनाडु में सरकार गठन के बीच तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के सामने बहुमत जुटाने की बड़ी चुनौती बनी हुई है. पार्टी ने 108 सीटें जीती हैं. विजय दो सीट पर चुनाव लड़ रहे थे. इस हिसाब से उनके 107 MLA हुए. जबकि सरकार बनाने के लिए 118 सीटों का आंकड़ा जरूरी है. कांग्रेस के समर्थन के बाद टीवीके की संख्या 113 तक पहुंच गई है, लेकिन अब भी बहुमत से पांच सीट कम हैं. इस बीच राज्यपाल ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकार गठन के लिए सदन में बहुमत साबित करना अनिवार्य होगा.

