Last Updated:
Snake prank killed Friend: एक छोटा सा मजाक कितना खतरनाक हो सकता है, यह इस घटना से समझा जा सकता है. चेन्नई पल्लावरम में शराब पार्टी के दौरान सांप का मजाक करना भारी पड़ गया और खूनी खेल शुरू हो गया. इसमें 27 वर्षीय विग्नेश की पत्थर से हत्या हो गई.

सांप का प्रेंक पड़ा भारी, एक दोस्त ने दूसरे को उतारा मौत के घाट.
चेन्नई के पल्लावरम में शराब, सांप और शरारत का कॉम्बो ऐसा भारी पड़ गया कि एक व्यक्ति को जान से हाथ धोना पड़ गया. शंकर नगर में मंदिर के मैदान के पास मंगलवार की रात मजाक-मजाक में ऐसा कुछ हो गया, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती. यहां शराब पार्टी कर रहे दो दास्तों में से एक ने दूसरे के साथ मजाक करने के लिए जेब से निकालकर छोटा सा सांप उसके ऊपर फेंक दिया, जिसके बाद अचानक माहौल गरमा गया और वहां मौत का खेल शुरू हो गया.
बुधवार सुबह पुलिस को शंकर मंदिर के पास 27 साल के युवक विग्नेश का शव मिला. उसके शरीर पर गंभीर चोटें थीं. सिर पूरा कुचला हुआ था. प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि यह मामला दोस्तों के बीच शराब पीने के दौरान हुए विवाद का है, जो एक घातक झगड़े में बदल गया था.
पुलिस के अनुसार, विग्नेश पोजीचलुर का रहने वाला था और इलेक्ट्रीशियन का काम करता था. मंगलवार रात वह अपने 29 वर्षीय दोस्त सत्यराज के साथ शराब पी रहा था. दोनों काफी खुश थे और दोनों के बीच शुरू में मस्ती चल रही थी, लेकिन अचानक विग्नेश ने एक खतरनाक मजाक करने का प्लान बनाया.
उसने अपने बैग में छिपे हुए एक छोटे सांप को सत्यराज की तरफ फेंक दिया ताकि वह डर जाए. जैसे ही सांप सत्यराज के ऊपर गिरा, वह बुरी तरह घबरा गया और गुस्से में विग्नेश को गालियां देने लगा. विग्नेश ने भी गालियां दीं और विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट तक पहुंच गया. इतने में विग्नेश ने पास में ही पड़े पत्थर को उठाया और सत्यराज पर हमला बोल दिया.
जवाब में सत्यराज ने भी विग्नेश को धक्का देकर गिरा दिया और फिर उसी पत्थर से उसके सिर पर बार-बार वार किए. सिर, हाथों और पैरों पर लगी गंभीर चोटों के कारण विग्नेश की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद सत्यराज मौके से भाग गया और मदुरांतकम की ओर चला गया. लेकिन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसकी लोकेशन ट्रेस की और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया.
टीओआई की खबर के मुताबिक पुलिस ने सत्यराज पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरी घटना शराब के नशे में हुई एक छोटी सी शरारत से शुरू होकर कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गई. स्थानीय लोगों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी थी.
About the Author
Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …और पढ़ें

