Today Weather News Live: उत्तर भारत में सर्दी अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही है. लेकिन इसका असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. कोल्ड वेव भले ही कम हो गई हो, लेकिन कोहरा अब भी लोगों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है. खासकर उत्तर प्रदेश और बिहार में सुबह का घना कोहरा सामान्य जनजीवन के साथ-साथ सड़क, रेल और हवाई यातायात को प्रभावित कर रहा है. दिल्ली-NCR में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 जनवरी तक के लिए जो पूर्वानुमान जारी किया है. इसमें साफ कहा गया है कि कोहरे से अभी राहत मिलने में वक्त लगेगा और बीच-बीच में बारिश भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है.
मौसम विभाग और स्काइमेट वेदर दोनों का कहना है कि जनवरी के अंतिम सप्ताह में ठंड का पीक गुजर चुका है. लेकिन ट्रांजिशन पीरियड हमेशा ज्यादा परेशानी भरा होता है. रात और सुबह के तापमान में अब भी ठंडक है, जबकि दिन में हल्की धूप राहत देती है. इसी वजह से कोहरे की स्थिति बन रही है. खासकर गंगा के मैदानी इलाकों में नमी ज्यादा होने से विजिबिलिटी कई जगह 50 से 200 मीटर तक सिमट रही है. मौसम विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और ड्राइवर्स को अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी.
उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरे का टॉर्चर जारी
21 जनवरी को उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में सुबह घना कोहरा छाया रहेगा. पश्चिमी यूपी में मध्यम कोहरा देखने को मिलेगा. जबकि पूर्वी यूपी और बिहार में कुछ इलाकों में घना कोहरा होगा. IMD के अनुसार विजिबिलिटी कई जिलों में 50 से 200 मीटर के बीच रही. हालांकि कोल्ड वेव की स्थिति समाप्त हो चुकी है, लेकिन न्यूनतम तापमान अब भी सामान्य से 2-3 डिग्री नीचे बना हुआ है.
जनवरी के अंतिम सप्ताह में ठंड का पीक गुजर चुका है.
26 जनवरी तक क्या कहता है मौसम का अनुमान?
IMD के एक्सटेंडेड रेंज फोरकास्ट के मुताबिक 22 से 24 जनवरी तक यूपी और बिहार में सुबह के समय कोहरा बना रहेगा. पूर्वी यूपी और बिहार में घने कोहरे की स्थिति आइसोलेटेड पॉकेट्स में जारी रह सकती है. 25 और 26 जनवरी को कोहरे की तीव्रता कम होगी लेकिन पूरी तरह खत्म नहीं होगी. न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी इससे दिन के समय मौसम ज्यादा आरामदायक महसूस होगा.
दिल्ली-NCR में बारिश का अलर्ट, बढ़ेगी नमी
दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों में बदलने वाला है. 21 जनवरी को राजधानी में मॉडरेट फॉग देखने को मिला. IMD के अनुसार, 23 और 24 जनवरी को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है. इस बारिश से ठंड थोड़ी कम होगी. लेकिन नमी बढ़ने से सुबह-शाम हल्की धुंध बनी रह सकती है. 26 जनवरी तक दिल्ली में बादल छाए रहने के अनुमान हैं और मौस सुहावना रहने का अनुमान है.
यूपी-बिहार में घना कोहरा जारी है. (फाइल फोटो PTI)
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान का मौसम
उत्तर-पश्चिम भारत में गंभीर ठंड़ की स्थिति अब सीमित इलाकों तक सिमट गई है. IMD के मुताबिक पंजाब और हरियाणा में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 18 से 22 डिग्री के बीच रहा. पश्चिमी राजस्थान में ठंडी हवाएं और हल्का कोहरा बना हुआ है. लेकिन ठंड का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है. 24 जनवरी के बाद इन राज्यों में तापमान सामान्य के करीब पहुंचने की संभावना है.
पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों पर असर
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण बर्फबारी जारी है. ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई है. इसका असर यह है कि ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों तक पहुंच रही हैं. हालांकि यह बर्फबारी पर्यटन और जल संसाधनों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है. IMD ने यात्रियों को पहाड़ी सड़कों पर सावधानी बरतने की सलाह दी है.
अगले पांच दिन का मौसम
स्काइमेट वेदर के अनुसार 22 जनवरी के बाद तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी. कोहरा धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा, लेकिन सुबह के समय पूरी तरह खत्म नहीं होगा. 26 जनवरी तक उत्तर भारत में मौसम कुल मिलाकर राहत भरा रहेगा. हालांकि ड्राइविंग, रेल और फ्लाइट शेड्यूल पर कोहरे का असर बना रह सकता है. मौसम विशेषज्ञों ने साफ कहा है कि अभी सर्दी से पूरी तरह ढील नहीं दी जा सकती.
पश्चिमी राजस्थान में ठंडी हवाएं और हल्का कोहरा बना हुआ है.
दक्षिण भारत का मौसम: ठंड से राहत, शुष्क और सुखद हालात
दक्षिण भारत में मौसम पूरी तरह स्थिर और राहत भरा बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार 21 से 26 जनवरी के बीच तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बारिश की कोई संभावना नहीं है. उत्तर-पूर्वी मानसून पूरी तरह विदा हो चुका है. चेन्नई में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री और न्यूनतम 22 से 24 डिग्री के बीच बना हुआ है. बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों में सुबह-शाम हल्की ठंडक है लेकिन दिन में मौसम सुखद रहता है. स्काइमेट वेदर का कहना है कि दक्षिण भारत में अगले पांच दिनों तक शुष्क मौसम रहेगा और हल्की मिस्ट को छोड़कर किसी तरह की मौसमीय बाधा नहीं होगी, जिससे यात्रा और दैनिक जीवन सामान्य रहेगा.

