Last Updated:
New Airlines in UP : यूपी आधारित एयरलाइंस कंपनी शंख ने अमौसी एयरपोर्ट से जल्द सेवाएं शुरू करने का ऐलान किया है. 15 जनवरी तक यह सर्विस शुरू हो जाएगी और शुरुआत में दिल्ली-मुंबई के लिए विमानों का संचालन किया जाएगा.
लखनऊ एयरपोर्ट से दिल्ली-मुंबई के लिए नई एयरलाइंस शुरू होने वाली है. नई दिल्ली. लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से जल्द ही एक और एयरलाइंस की सेवाएं शुरू होने वाली हैं. यूपी की शंख एयरलाइंस तीन एयरबस विमानों के शुरुआती बेड़े के साथ जनवरी के प्रथम पखवाड़े (15 जनवरी तक) से उड़ान सेवाएं शुरू कर सकती है. कंपनी ने बताया है कि शुरुआत में लखनऊ शहर को दिल्ली, मुंबई और देश के अन्य महानगरों से जोड़ने पर ध्यान दिया जाएगा. बाद में इन सेवाओं का विस्तार देश के सभी प्रमुख शहरों तक करने की तैयारी है.
शंख एयरलाइंस के चेयरमैन श्रवण कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी विमानन कंपनी पहले चरण में पूरे उत्तर प्रदेश में विभिन्न स्थलों के लिए उड़ानों का संचालन करेगी. अगले एक-डेढ़ महीने में और दो विमानों को इस बेड़े में शामिल करने की संभावना है. वर्तमान में बेड़े का आकार सीमित है, लेकिन आकार बढ़ने के साथ यह पूरे देश को अपने दायरे में शामिल करेगी. साल 2028 या 2029 तक कंपनी की तैयारी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की भी है.
मिडिल क्लास पर है जोर
विश्वकर्मा ने कहा कि शंख एयरलाइंस का मुख्य उद्देश्य मध्य वर्गीय यात्रियों और पहली बार हवाई यात्रा करने वालों तक इस सुविधा को सुगम बनाना और यह अवधारणा तोड़ना है कि हवाई जहाज से यात्रा एक लग्जरी चीज है. उन्होंने कहा कि बस या टेंपो की तरह विमान भी महज परिवहन का साधन है. इसे विशेष चीज के तौर पर नहीं देखना चाहिए. खासकर मिडिल क्लास के मामले में इसे अन्य किसी परिवहन सेवा की तरह ही लिया जाना चाहिए.
4 साल पहले आया था विचार
उन्होंने कहा कि इस विमान सेवा को शुरू करने का विचार 4 साल पहले ही आया जिसके बाद मैंने इसकी प्रक्रिया को समझना शुरू किया. सबसे पहले यह जाना कि कैसे एनओसी मिलेगी, नियम क्या हैं और इसका सिस्टम कैसे काम करता है. एक मिडिल क्लास परिवार से आने वाले विश्वकर्मा ने कहा कि मैंने परिचितों के साथ ऑटो चलाया और कुछ छोटे-मोटे व्यवसाय किए, जिसमें ज्यादातर में मैं विफल रहा. साल 2014 में सीमेंट के व्यापार में कदम रखने के साथ मेरी कारोबारी यात्रा आगे बढ़ी. इसके बाद मैंने टीएमटी स्टील, खनन और परिवहन क्षेत्र में कदम रखा.
400 से ज्यादा ट्रकों का बेड़ा
श्रवण ने बताया कि आज उनके पास 400 से अधिक ट्रकों का बेड़ा है. यह वृद्धि धीरे-धीरे और सामान्य तरीके से हुई. इसकी कोई बड़ी योजना नहीं थी. चीजें समय के साथ आगे बढ़ीं. विमानन क्षेत्र को सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक बताते हुए विश्वकर्मा ने कहा कि इसकी सबसे बड़ी ताकत मजबूत नकदी प्रवाह है. विमानन कंपनी के नाम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी ट्रेडिंग फर्म का पहले से ही शंख नाम था और इस नाम से एक सांस्कृतिक जुड़ाव है. यही वजह है कि हमने एयरलाइन का भी नाम शंख रखा.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें

