
Morning News: महागठबंधन में सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर बनी बात, सरफराज खान को न चुनने पर ओवैसी ने उठाया सवाल
बिहार से लेकर महाराष्ट्र और दिल्ली तक देश की सियासत से लेकर क्रिकेट जगत तक में हलचल मची हुई है. एक ओर बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन (RJD-कांग्रेस-VIP) में सीट शेयरिंग पर सहमति बनने की खबर है, तो दूसरी ओर जनसुराज अभियान के संस्थापक प्रशांत किशोर और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. वहीं, बिहार के चुनावी मैदान में अब दिग्गजों की एंट्री हो चुकी है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, चिराग पासवान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह जैसे नेता मैदान संभालने जा रहे हैं.
खेल जगत में भी सियासी रंग चढ़ गया है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के लिए सरफराज खान को टीम इंडिया से बाहर रखे जाने पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बीसीसीआई पर सवाल उठाए हैं. ओवैसी ने पूछा है कि ‘लगातार शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद आखिर सरफराज खान को नजरअंदाज क्यों किया जा रहा है?’
उधर, महाराष्ट्र के पुणे में शनिवारवाड़ा किले पर मुस्लिम महिलाओं द्वारा नमाज अदा किए जाने के वायरल वीडियो ने राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है. बीजेपी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन और तीन महिलाओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर के बाद मामला अब सांप्रदायिक रंग लेता दिख रहा है.

