हार के बाद क्या बोले ऋषभ पंत?
ऋषभ पंत ने टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद अजीबोगरीब बयान दिया है। पंत ने लखनऊ की हार के बाद कहा, ‘हमें पता था कि चोटों के कारण हमें कुछ कमियों को पूरा करना था। एक टीम के रूप में हमने इस बारे में बात नहीं करने का फैसला किया था। लेकिन कमियों को दूर करना ही इसका उद्देश्य था। जिस तरह से हमने नीलामी की योजना बनाई थी, अगर हमारे पास वही गेंदबाजी होती, तो कहानी अलग होती। कभी-कभी चीजें आपके हिसाब से होती हैं, कभी-कभी नहीं।’
अपने खेल पर गर्व है- पंत
पंत ने आगे कहा, ‘हम जिस तरह से खेले, उस पर हमें गर्व है और हम सकारात्मक पहलुओं पर ध्यान देंगे। हमारे पास मजबूत बल्लेबाजी क्षमता है। गेंदबाजों के लिए भी, कई बार ऐसा हुआ जब वे अच्छे क्षेत्रों में गेंदबाजी कर रहे थे। हम इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश कर रहे थे। हमें पता था कि हम दस रन कम बना रहे हैं। हमने कुछ मौकों पर अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन मैच को खत्म नहीं कर पाए। राठी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। यह उनका पहला सीजन है। जिस तरह से उन्होंने गेंदबाजी की, उसे देखना अच्छा था। राठी सकारात्मक पहलुओं में से एक है।’
लखनऊ की शर्मनाक हार
एलएसजी ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 7 विकेट पर 205 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया लेकिन एसआरएच ने 18.2 ओवर में चार विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मैदान पर यह पहली बार है जब लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 200 से अधिक रन बनाकर जीत दर्ज की। अभिषेक ने पारी की शुरुआत में ही चार चौके और छह छक्के लगाए जिससे लक्ष्य का पीछा करते समय एसआरएच की टीम कभी दबाव में नहीं आई। उन्होंने रवि बिश्नोई के खिलाफ लगातार चार छक्के जड़ने के दौरान 18 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।

