अजमेर: लगातार ऐसे दुखद घटनाक्रम सामने आ रहे हैं, जहां सबसे भरोसेमंद रिश्ते को लोग घोखा दे रहे हैं। ताजा मामला राजस्थान के अजमेर शहर का है। यहां जिले के मांगलियावास क्षेत्र में प्रेमिका के साथ रहने के लिए पति ने अपनी गर्भवती पत्नी की गमछे से गला घोट कर हत्या कर दी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने अपनी प्रेमिका के कहने पर अपनी प्रेमिका के साथ रहने के लिए अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। पूरा मामला मंगलेवास थाना क्षेत्र के गांव डोडियाना का है।
प्रेमिका के कहने पर हत्या
प्रेमिका के कहने पर हत्या
पुलिस खुलासे में सामने आया कि आरोपी शिवजी एक भजन गायक कलाकार है, जिसका करीब 5 वर्षों से रेखा नाम की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों आपस में लंबे समय से मोबाइल पर बात करते थे। पुलिस खुलासे में यह भी सामने आया कि प्रेमिका के कहने पर युवक ने छत पर सो रही अपनी गर्भवती पत्नी शोभा का गमछे से गला घोंटकर काम तमाम कर दिया। पत्नी गर्भवती होने के चलते संघर्ष नहीं कर सकी।
ऐसे आरोपी ने कबूला सच
पुलिस ने बताया कि आरोपी अपने ससुराल वालों व परिवार वालों को अपनी पत्नी की मृत्यु कभी हार्ट अटैक से तो कभी आत्महत्या करने की बात बात कर गुमराह कर रहा था। शक होने पर परिजनों ने थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई तो उसने हत्या करना कबूल किया। मामले में मांगलियावास थाना पुलिस अनुसंधान कर रही है।

