थाने में शिकायत दर्ज
बेगूसराय के सिंघौल की रहने वाली एक महिला ने 5 अप्रैल को महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने गोरखपुर के लड़के, उसके माता-पिता और एक रिश्तेदार को आरोपी बनाया है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 11 मार्च 2024 को हुई थी। सगाई 30 अक्टूबर 2023 को गोरखपुर के एक होटल में हुई थी।
उपहार के तौर पर दिए 25 लाख रुपये
महिला के अनुसार, सगाई के दौरान ससुराल वालों को महंगे तोहफे दिए गए थे। महिला ने बताया कि उसके ससुर ने उसके पिता से कहा था कि शादी मसूरी में होगी। उन्होंने यह भी कहा कि शादी का पूरा खर्च उन्हें ही उठाना होगा। महिला के पिता सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने के लिए मान गए, जबकि वह ऐसा नहीं चाहते थे। शादी के समय करीब एक करोड़ रुपये के सोने और हीरे के गहने दिए गए। इसके अलावा, महिला के पिता ने 25 लाख रुपये उपहार के तौर पर दिए।
पति का व्यवहार दिखा अलग
शादी के बाद जब वह ससुराल गई, तो उसने अपने पति का व्यवहार अलग दिखा। महिला ने बताया कि उसके ससुराल वाले उसके पिता और रिश्तेदारों द्वारा दिए गए सामानों को घटिया बताकर मजाक उड़ाने लगे। शादी के दो दिन बाद ही उसके पति और ससुराल वालों ने उससे 25 लाख रुपये ले लिए। उन्होंने उससे यह भी कहा कि वह अपने पिता से एक चार चक्का गाड़ी और दिल्ली में दो करोड़ रुपये का एक फ्लैट देने के लिए कहे।
पति का स्वभाव गुस्सैल है
महिला को शादी के बाद पता चला कि उसके पति का स्वभाव गुस्सैल है। उसने बताया कि उसका पति बार-बार कहता था कि उसने परिवार के दबाव में शादी की है। उसकी शादी करने की कोई इच्छा नहीं थी। लड़की का आरोप है कि उसका पति समलैंगिक है। लड़की ने कहा कि मैंने उसके फोन में एक एप देखा। जिसे वह बार-बार इस्तेमाल करता था। वह एप खासतौर पर समलैंगिक डेटिंग के लिए था। जब उसने इस बारे में अपने पति से बात की, तो उसने उसे जान से मारने की धमकी दी।
पति निकला समलैंगिक
जब उसने यह बात अपने ससुराल वालों को बताई, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने समाज में अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए शादी करवाई। लड़के ने खुद कहा कि उसके माता-पिता जानते थे कि वह समलैंगिक (गे) है। उसने बताया कि उसके माता-पिता ने उसकी शादी इसलिए करवाई ताकि उन्हें दहेज में गाड़ी और फ्लैट मिल सके। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके ससुर की नीयत भी खराब होने लगी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि वे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।

