Last Updated:
Bihar Politics: बिहार में महागठबंधन की राजनीति में तेजस्वी यादव ने सीएम फेस पर अपने तेवर नर्म कर लिये हैं..आज नई दिल्ली में राहुल गांधी के साथ हुई उनकी बैठक में बिहार चुनाव को लेकर चर्चा हुई. बताया जा रहा है कि…और पढ़ें
नई दिल्ली में मल्लिकार्जन खड़गे के आवास पर राहुल गांधी के साथ तेजस्वी यादव की मुलाकात हुई.
हाइलाइट्स
- राजद नेता तेजस्वी यादव ने सीएम फेस पर बदला स्टैंड !
- पटना में 17 तारीख को महागठबंधन की बड़ी बैठक होगी.
- तेजस्वी यादव ने बिहार को आगे ले जाने का संकल्प जताया.
नई दिल्ली. बड़ी खबर सियासी गलियारे से आ रही है जो महागठबंधन की राजनीति के पेंच से जुड़ी हुई है. बिहार में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर अब तक कांग्रेस और आरजेडी के बीच तल्खी थी, लेकिन ऐसा लगता है कि तेजस्वी यादव के तेवर अब ढीले पड़ गए हैं. जानकारी के अनुसार अब उन्होंने सीएम फेस पर अपना स्टैंड बदल लिया है. बता दें कि RJD नेता तेजस्वी यादव ने कांग्रेस के साथ बैठक पर कहा, हम सभी ने बैठक की है और काफी सकारात्मक चर्चा हुई है और हम सभी 17 तारीख को पटना में अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ बैठेंगे. हम पूरी तरह से तैयार हैं. हम बिहार को मजबूती के साथ आगे ले जाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं. 20 साल से सत्ता में रही राज्य सरकार और 11 साल से केंद्र में NDA सरकार है। इनके 20 साल के सरकार में बिहार में सबसे गरीब है, प्रति व्यक्ति आय सबसे कम है और सबसे ज्यादा पलायन होता है। हम मुद्दों पर चुनाव लड़ना चाहते हैं…”
हालांकि, सूत्रों से यह खबर है कि आने वाले समय में बिहार में तेजस्वी यादव ही सीएम फेस घोषित किये जाएंगे यह भी तय है. लेकिन, कांग्रेस और राजद की रणनीति इस फैसले को सही समय पर सामने लाने की है और इसको लेकर राजद और कांग्रेस की बैठक में सहमति बन गई है. सूत्रों के हवाले से खबर है कि अभी सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम फैसला नहीं हुआ है और इसके बाद अन्य बातों पर भी फैसला होना है. साथ ही महागठबंधन के अन्य घटक दलों से बैठक के बाद अंतिम रूप से कुछ फैसला किया जाएगा.
बता दें कि आगामी 17 अप्रैल को पटना में महागठबंधन की बैठक होने जा रही है जिसमें कांग्रेस और राजद के साथ ही मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी और वामपंथी खेमे के तीन दलों-भाकपा माले, सीपीएम और सीपीआई के नेताओं की बैठक होगी. इस मीटिंग में सीटों के बंटवारे और आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर भी चर्चा होगी. उम्मीद की जा रही है कि यहां सीएम फेस पर भी बात होगी. वहीं, जानकारी के अनुसार राजद और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर भी अभी पेच फंसा हुआ है.
दरअसल, कांग्रेस पिछले चुनाव की 2020 के विधानसभा चुनाव की तरह ही कम से कम 70 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, लेकिन राजद 50 सीटों से अधिक देने को राजी नहीं है. ऐसे में अभी बातचीत हो रही है और अंतिम फैसला नहीं हुआ है. अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले 17 अप्रैल की बैठक में महागठबंधन में अंतिम फैसला क्या आता है, लेकिन आज की बैठक से यह तय है कि महागठबंधन में ही रहकर कांग्रेस और राजद बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेगी.

