नई दिल्ली: शेयर बाजार में गिरावट के बीच सरकारी कंस्ट्रक्शन कंपनी एनसीसी लिमिटेड के शेयरों में काफी तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान यह 6 फीसदी से अधिक तेजी के साथ 218.30 रुपये पर पहुंच गया। पिछले एक महीने में इसमें करीब 24 फीसदी तेजी आई है। इस तेजी से दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला ने करीब 333 करोड़ रुपये की कमाई की है। 31 दिसंबर 2024 तक रेखा झुनझुनवाला के पास NCC के 7,83,33,266 शेयर थे जो 12.48% हिस्सेदारी के बराबर है। हालिया तेजी से कंपनी में उनकी हिस्सेदारी की वैल्यू बढ़कर 1,704.14 करोड़ रुपये पहुंच गई है जो एक महीने पहले 1,370.83 करोड़ रुपये थी। इस तरह सिर्फ एक महीने में उनके पोर्टफोलियो में 333.31 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।एनसीसी लिमिटेड के शेयर की कीमत 28 फरवरी को 175 रुपये थी। तब से अब तक इसमें 24 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि यह शेयर अब भी अपने 52 हफ्ते के पीक लेवल 364.50 रुपये से 40 प्रतिशत नीचे है। इसका 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर 169.95 रुपये है। हाल ही में NCC को बिहार सरकार से 1,480 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर दरभंगा मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल के रीडेवलपमेंट से जुड़ा है।
कंपनी का प्रदर्शन
दिसंबर 2024 में खत्म हुई तिमाही में NCC का नेट प्रॉफिट 12.5% गिरकर 193.2 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, कंपनी का रेवेन्यू 1.6% बढ़कर 5,344.5 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का एबिटा 16.6% गिरकर 420.9 करोड़ रुपये रहा। इस तिमाही में कंपनी का मार्जिन 7.9% रहा। Antique Stock Broking ने इस शेयर का टारगेट प्राइस 332 रुपये रखा है जबकि IIFL Securities ने 287 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। Nuvama Institutional Equities ने NCC के लिए 282 रुपये का टारगेट प्राइस रखा है। इन तीनों ब्रोकरेज फर्मों ने इस शेयर को ‘खरीदने’ की सलाह दी है।

