Last Updated:
Tej Pratap Yadav News: पटना में होली पर तेज प्रताप यादव ने बॉडीगार्ड से जबरन डांस करवाया और बिना हेलमेट बाइक चलाई. पटना पुलिस ने इन दोनों ही मामलों में कार्रवाई की है.
बिना हेलमेट के गाड़ी चलाने को लेकर तेज प्रताप यादव का चलान काटा गया.
हाइलाइट्स
- तेज प्रताप ने बॉडीगार्ड से जबरन डांस करवाया.
- तेज प्रताप बिना हेलमेट बाइक चलाते दिखे.
- बॉडीगार्ड को सुरक्षा से हटाया गया.
पटना. बिहार की राजधानी पटना में होली के दिन बड़ा बवाल तब हो गया जब राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बेटे और राजद के विधायक तेज प्रताप यादव ने अपने बॉडीगार्ड को जबरन डांस करवाया. इसका वीडियो सामने आने के बाद हंगामा मच गया. इसके बाद तेज प्रताप यादव वही पटना की सड़कों पर बिना हेलमेट के बाइक चलाते भी देखे गए. इन मामलों को पटना पुलिस ने बेहद ही गंभीरता से लिया है. इस पर संज्ञान लेते हुए पटना एसएसपी अवकाश कुमार ने वर्दी में डांस करने वाले पुलिसकर्मी को तेज प्रताप यादव की सुरक्षा से हटा दिया है.उक्त बॉडीगार्ड दीपक कुमार को लाइन क्लोज भी कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार की जगह दूसरे कांस्टेबल को तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में लगाया गया है. वहीं पटना एसएसपी ने ट्रैफिक एसपी को तेज प्रताप यादव के हेलमेट के बिना बाइक चलाने को लेकर चालान जारी करने का निर्देश दिया है.
नियमों का उल्लंघन करने और यातायात कानून तोड़ने को लेकर ट्रैफिक विभाग ने कार्रवाई करते हुए तेज प्रताप यादव का चालान काटा है. बता दें कि तेज प्रताप यादव बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल पर सीएम हाउस के पास घूम रहे थे. ट्रैफिक विभाग ने बिना हेलमेट के लिए यह चालान काटा है. बताया जा रहा है कि जिस गाड़ी से तेज प्रताप यादव चल रहे थे उसका इंश्योरेंस और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट भी फेल था. इसलिए तेज प्रताप यादव के ऊपर 3000 का चालान काटा गया है. इसमें ₹1000 बिना हेलमेट के स्कूटी चलाने और ₹2000 इंश्योरेंस फेल होने के हैं. तेज प्रताप यादव का चालान नंबर br1603325031231631 है.
बता दें कि तेज प्रताप यादव ने होली के मौके पर एक पुलिसकर्मी को धमकी दी और जबरन नाचने पर मजबूर किया था. इस घटना का वीडियो भी सामने आया था, इसमें तेजप्रताप यादव स्टेज पर बैठे दिखाई दे रहे हैं और माइक लेकर नीचे बैठे लोगों को निर्देश दे रहे हैं. इस बीच वह एक पुलिसकर्मी को ‘ठुमका लगाने’ के लिए कहते हैं. इसके साथ ही उनकी बात नहीं मानने पर सस्पेंड कराने की धमकी भी दे रहे हैं. यह वीडियो पटना में तेजप्रताप यादव के घर पर आयोजित कार्यक्रम का था. वहीं, इसके बाद तेज प्रताप यादव बिना हेलमेट के स्कूटी चलाते देखे गए थे.
March 16, 2025, 11:11 IST

