रहीम ने दिल की बात लिखी
बांग्लादेश की कप्तानी कर चुके विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने लिखा, ‘मैं आज से वनडे प्रारूप से संन्यास की घोषणा कर रहा हूं। सबकुछ देने लिए अल्लाह का शुक्रिया। भले ही विश्व स्तर पर हमारी उपलब्धियां सीमित रही हों, लेकिन एक बात निश्चित है: जब भी मैंने अपने देश के लिए मैदान पर कदम रखा, मैंने समर्पण और ईमानदारी के साथ 100% से अधिक दिया। पिछले कुछ सप्ताह मेरे लिए बहुत चुनौतीपूर्ण रहे हैं और मुझे एहसास हो गया है कि यही मेरी नियति है।’
मुशफिकुर रहीम का वनडे करियर
मुशफिकुर रहीम ने अगस्त 2006 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था। अब वह इस प्रारूप में सबसे अधिक मैच खेलने वाले बांग्लादेशी खिलाड़ी हैं। उन्होंने 274 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 36.42 की औसत से 7,795 रन बनाए हैं। इसमें 9 शतक शामिल हैं और उनकी करियर की सबसे बड़ी पारी 144 रनों की रही। विकेटकीपर के रूप में उन्होंने 243 कैच लिए और स्टंप के पीछे 56 स्टंपिंग की।
चैंपियंस ट्रॉफी में सिर्फ दो रन बनाए
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में मुशफिकुर रहीम का बल्ला पूरी तरह शांत रहा। उन्होंने दो मैचों में सिर्फ दो रन बनाए। भारत के खिलाफ तो वह गोल्डन डक हो गए थे। अक्षर पटेल ने उनका विकेट लिया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने करियर के आखिरी मैच में उन्होंने 2 रन बनाए। 37 साल के रहीम ने 2022 के बाद टी20 इंटरनेशनल नहीं खेला है जबकि अभी टेस्ट खेलना जारी रखेंगे।

