Last Updated:
Bihar Crime News: दानापुर में मेड गुड़िया देवी की हत्या की साजिश IAS अधिकारी के रिश्तेदार विवेक ने रची थी. विवेक ने किलर विक्की को 5 लाख की सुपारी दी थी. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.
दानापुर पुलिस ने आरोपी विवेक के साथ सुपारी किलर विक्की को गिरफ्तार किया.
हाइलाइट्स
- मेड की हत्या का मास्टरमाइंड IAS अधिकारी का रिश्तेदार निकला.
- विवेक कुमार सिंह ने किलर विक्की को पांच लाख की सुपारी दी थी.
- दानापुर पुलिस ने विवेक सिंह और विक्की को गिरफ्तार कर लिया है.
पटना. दानापुर शाहपुर थाना क्षेत्र में हुई मेड गुड़िया देवी की हत्या मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में पता चला है कि इस हत्याकांड की साजिश एक IAS अधिकारी के रिश्तेदार ने रची थी. इस मर्डर केस के मास्टरमाइंड का पता लग गया और पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में एक आईएएस रिश्तेदार की भूमिका की बात सामने आने को लेकर सभी हैरान हैं. इसमें सुपारी मर्डर का भी एंगल सामने आया है और पुलिस आगे की जांच में कुछ और खुलासे कर सकती है.
दानापुर एएसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मास्टरमाइंड विवेक उर्फ राहुल सिंह, जो एक IAS अधिकारी का रिश्तेदार है, उसने अपने मामी सह IAS अधिकारी की मां की संदिग्ध मौत में गुड़िया देवी को दोषी मान लिया था. इसी वजह से उसने बदले की भावना से गुड़िया देवी की हत्या करवाने के लिए कुख्यात किलर विक्की को 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी.
दानापुर एएसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि विवेक को शक था कि उसकी मामी की संदिग्ध मौत में गुड़िया देवी का हाथ था, इसी कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया. दानापुर एएसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने विवेक और सुपारी किलर विक्की को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में एक बड़े अधिकारी की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस केस में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं.
बता दें कि शाहपुर मिडिल स्कूल के पास बगीचे में खून से लथपथ 35 साल की महिला गुड़िया देवी का शव मिला था. वह दूसरों के घर में साफ-सफाई का काम करती थी. उस दिन भी वह घर से काम करने ही निकली थी, लेकिन वापस लौटकर नहीं आई.अब इस मामले में जो खुलासा हुआ वह हैरान कर रहा है. घर काम करने वाली इस महिला की हत्या के लिए पांच लाख की सुपारी निकाली गई थी. 35 साल की गुड़िया देवी को 27 फरवरी को चाकू से गोदकर मारा गया था. शनिवार को पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है.
March 02, 2025, 11:43 IST

