Last Updated:
Congress News: एक के बाद एक विधानसभा चुनावों में खराब प्रदर्शन के बाद अब कांग्रेस ने संगठन में बदलाव किया है. पार्टी ने 6 अलग-अलग राज्यों के प्रदेश प्रभारी को पद से मुक्त कर दिया और उनकी जगह नए चेहरों को जिम्मे…और पढ़ें
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ पार्टी सांसद राहुल गांधी. (फाइल फोटो)
हाइलाइट्स
- कांग्रेस ने संगठन में बड़ा बदलाव किया.
- भूपेश बघेल और सैयद नासिर हुसैन बने महासचिव.
- कई प्रदेश प्रभारियों को हटाकर नए चेहरों को जिम्मेदारी दी.
नई दिल्ली. कांग्रेस ने एक के बाद एक कई विधानसभा चुनावों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद शुक्रवार को अपने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए दो नए महासचिव और नौ प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए. पार्टी ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राज्यसभा सदस्य सैयद नासिर हुसैन को महासचिव तथा रजनी पाटिल, बीके हरिप्रसाद और मीनाक्षी नटराजन समेत नौ नेताओं को विभिन्न प्रदेशों का प्रभारी नियुक्त किया.
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन नेताओं को नई जिम्मेदारी सौंपने के साथ ही राजीव शुक्ला, मोहन प्रकाश, देवेंद्र यादव, अजय कुमार, दीपक बाबरिया और भरत सिंह सोलंकी को प्रदेश प्रभारी के दायित्व से मुक्त कर दिया.
शुक्ला हिमाचल प्रदेश, मोहन प्रकाश बिहार, देवेंद्र यादव पंजाब, अजय कुमार ओडिशा, बाबरिया हरियाणा, सोलंकी जम्मू-कश्मीर के प्रभारी का उत्तरदायित्व निभा रहे थे. यादव फिलहाल दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं. बाबरिया ने हरियाणा में पार्टी की हार के बाद पद छोड़ने की पेशकश की थी. नवनियुक्त महासचिव बघेल को पंजाब और हुसैन को जम्मू कश्मीर का प्रभार सौंपा गया है. हुसैन को कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यालय की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है.
इस बदलाव के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिवों की कुल संख्या 12 से बढ़कर 13 हो गई है. पार्टी ने रजनी पाटिल को हिमाचल प्रदेश एवं चंडीगढ़, हरिप्रसाद को हरियाणा, हरीश चौधरी को मध्यप्रदेश, गिरीश चोडानकर को तमिलनाडु एवं पुडुचेरी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को ओडिशा, के. राजू को झारखंड, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को तेलंगाना, लोकसभा सदस्य सप्तगिरि उलाका को मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और नगालैंड तथा कृष्णा अल्लावरू को बिहार का प्रभारी बनाया गया है.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले अल्लावरू अब तक भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे थे. बिहार में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं. कांग्रेस का कहना है कि पार्टी के अन्य सभी महासचिव और प्रदेश प्रभारी सेवा देते रहेंगे. पार्टी ने हरियाणा, जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र और दिल्ली के विधानसभा चुनावों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद संगठन में यह बदलाव किया है.
New Delhi,Delhi
February 15, 2025, 01:46 IST

