दरअसल, मामला मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले का है। यहां के पिपरई क्षेत्र के कुकरिया बरखेड़ा ग्राम का एक वीडियो सामने आया है जिसमें बिजली विभाग के अधिकारी एक किसान को खेत पर कॉलर पकड़कर घसीटते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि अधिकारी इस घटना को लेकर कुछ और ही बयान है।
किसान के साथ हुई बदतमीजी
जिले में किसान के साथ हुई बतदमीजी के वायरल वीडियो को अधिकारी डेढ़ माह पुराना बता रहे हैं जो कि अब सामने आया है। इस वीडियो पर किसान का भी बयान सामने आया है। बदतमीजी की वारदात कुकरिया बरखेड़ा के रहने वाले किसान संजय रजक के साथ हुई थी।
बिजली विभाग के एई ने की बदतमीजी
किसान संजय रजक ने बताया कि वह खेत पर पानी दे रहे थे। तभी मुंगावली में पदस्थ एई प्रकाश चंद जैन आए और बिजली कनेक्शन काटने लगे। मैंने उनसे कहा हमने 4 महीने का अस्थाई कनेक्शन ले रखा है तो उन्होंने अपशब्द कहे। इस दौरान मां पहुंची और उनसे निवेदन किया। लेकिन, वे मुझे कॉलर पकड़ कर घसीटते हुए मारपीट करते हुए ले गए।
एई ने दी सफाई
इस मामले में एई जैन का भी पक्ष सामने आया है जिसमें वह मामले को झूठा बता रहे हैं। उनका कहना है कि संबंधित व्यक्ति झूठ बोल रहा है कोई अस्थाई कनेक्शन नहीं था। वीडियो भी डेढ़ माह पहले का है। उस समय हमने बिजली चोरी का प्रकरण भी दर्ज करा दिया था और इस दौरान उक्त व्यक्ति ने हमारे साथ मारपीट भी की थी।
बीजेपी सरकार पर कांग्रेस हुई हमलावर
मामले का वीडियो वायरल होने के बाद अब इस मामले में कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष सचिन शर्मा ने इसे बीजेपी सरकार का असली चेहरा बताते हुए इसे किसानों पर अत्याचार बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा अपने आप को किसान हितेषी बताती है। लेकिन, किसानों पर अत्याचार और उनके साथ हो रहे इस व्यवहार के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। आज किसान आत्महत्या करने को मजबूर है। कर्ज में डूबा है और उनके अधिकारी इनको कॉलर पड़कर घसीट रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

