वहीं दिल्ली के एलजी की ओर से भेजे गए पत्र पर आतिशी ने सवाल उठाए। दिल्ली की सीएम आतिशी ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि उपराज्यपाल कार्यालय बीजेपी के प्रॉक्सी के रूप में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल दिल्ली के सबसे बड़े नेता हैं।
दिल्ली के उपराज्यपाल को आतिशी का जवाब
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना के पत्र पर मुख्यमंत्री आतिशी ने जवाब देते हुए कहा कि आप गंदी राजनीति करने की जगह दिल्ली की बेहतरी पर ध्यान दीजिए। अरविंद केजरीवाल ने साढ़े नौ साल दिल्ली की बेहतरी के लिए काम किया। मैं अरविंद केजरीवाल की ओर से दिखाए रास्ते पर सरकार चला रहीं हूं।
‘दिल्ली की जनता ने केजरीवाल को बार-बार जिताया’
आतिशी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल को बार-बार जिताया। मैं आपके द्वारा ‘महिला सम्मान योजना’ में अड़ंगा डालने से महिला होने के नाते व्यक्तिगत रूप से आहत हूं। सीएम आतिशी ने अपने जवाब में आगे कहा कि दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना को क्षुद्र राजनीति छोड़कर सहयोग बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।
‘बीजेपी के प्रॉक्सी की तरह काम कर रहा एलजी ऑफिस’
आतिशी ने सवाल उठाया कि कोई राजनीति में इतना उलझ कैसे सकता है कि उसे लोगों की परवाह ही न रहे। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल का कार्यालय अब भारतीय जनता पार्टी के प्रॉक्सी के रूप में काम कर रहा है और पार्टी के हितों की रक्षा के उत्साह में आम दिल्लीवासियों के जीवन को नुकसान पहुंचा रहा है।

