वॉरशिप के डिजाइन और मरम्मत तक का काम
नेवी सिविलियंस कौन होते हैं और ये क्यों अहम हैं? नेवी के शिप का डिजाइन, मरम्मत और रखरखाव का काम नेवी सिविलियंस भी करते हैं। सिविलियन डिज़ाइन अधिकारी इनोवेशन में अहम योगदान देते हैं और तकनीकी रूप से उन्नत शिप का डिज़ाइन तैयार करते हैं। नेवी के डॉकयार्ड और तकनीकी यूनिटों में सिविलियन कर्मचारी शिप के बेड़े को तैयार रखने के लिए हमेशा एक्टिव रहते हैं।
वेपन और सेंसर सिस्टम के रिपेयर मेंटेनेंस में भी नेवी सिविलियंस का रोल रहता है। जब कोई भी शिप री-फिट के लिए जाता है तो नेवी सिविलियंस इसे फिर नए जैसा बनाते हैं। वे सुनिश्चित करते हैं कि मेंटेनेंस और मरम्मत के बाद शिप पूरी तरह से तैयार हो जाएं, जिससे नेवी हमेशा किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहे।
नेवी ऑर्डिनेंस का जिम्मा संभालते हैं नेवी सिविलियंस
नेवी ऑर्डिनेंस (आयुध) में सिविलयन कार्मिक अहम भूमिका निभाते हैं। ये मिसाइल, गन, टारपीडो, गोला बारूद और रॉकेट सहित सभी हथियारों की खरीद, स्टोरेज और रखरखाव और मैनेजमेंट का जिम्मा संभालते हैं। ये सुनिश्चित करते हैं कि नेवी के हथियार ऑपरेशनल स्थिति में हों। नेवी सिविलियंस ही नेवी यूनिट्स में गोला बारूद डिस्ट्रिब्यूशन का भी मैनेजमेंट करते हैं और सुनिश्चित करते हैं कि जरूरत के मुताबिक सही वक्त पर सही संख्या में सभी जरूरी सामान उपलब्ध हो।
रसद पहुंचाने का काम भी
नेवी जहां भी तैनात है वहां उन्हें वक्त पर रसद मिलती रहे इसका जिम्मा भी नेवी सिविलियंस संभालते हैं। जरूरी रसद की समय पर खरीद, उसे स्टोर करना और उसे डिस्ट्रीब्यूट करने का जिम्मा नेवी सिविलियंस का है। इसमें खाने पीने की चीजें, दवाइयां, कपड़े से लेकर तकनीकी कलपुर्जे और उपकरण तक सब शामिल हैं।

