सीएम भजनलाल ने सड़क सुरक्षा के लिए दिया 6E फार्मूला
सीएम आवास पर एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक कर सीएम ने प्रदेश के सभी ब्लैक स्पॉट को समाप्त करने के सख्त निर्देश दिए। इसके अलावा सीएम ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण एवं प्रभावितों की बेहतर देखरेख के लिए राज्य में 6E फॉर्मूले के तहत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि 6E के तहत (एजुकेशन, इंजीनियरिंग, एनफोर्समेंट, इमरजेंसी केयर, इवेल्यूएशन, एन्गेजमेंट) आधारित प्लान के तहत कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फॉर्मूले में पहले E के तहत (एजुकेशन) सड़क सुरक्षा के नियमों के बारे में लोगों को शिक्षित किया जाए।
सीएम ने 6E फार्मूले की इस तरह से की व्याख्या
उन्होंने दूसरे E (इजीनियरिंग) के तहत सड़कें, ब्रिज अन्य बुनियादी ढ़ांचे को सुरक्षित और प्रभावी बनाने के लिए बेहतर डिजाइन करने को कहा। इसी तरह उन्होंने कहा कि तीसरे E (एनफोर्समेंट) के तहत यातायात कानूनों की सख्ती से पालना सुनिश्चित किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना, अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने चौथे E (इमरजेंसी) के तहत दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित एवं प्रभावी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने को कहा है। उन्होंने कहा पांचवे E (इवेल्यूएशन) के तहत सड़क सुरक्षा उपायों का नियमित रूप से मूल्यांकन कर सुरक्षा उपायों में सुधार किया जाए और छठवें E (एन्गेजमेंट) के तहत समुदाय एवं विभिन्न हितधारकों को सड़क सुरक्षा अभियानों में शामिल किया जाए।
जनवरी में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
बैठक में सीएम भजनलाल ने एलपीजी ब्लास्ट मामले में गहरी चिंता जाहिर की। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को प्रदेश में चिन्हित किए गए ब्लैक स्पॉट को जल्द दूर करने निर्देश के दिए हैं। इसके अलावा सीएम ने प्रदेश भर में जनवरी से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के लिए भी कहा है। इसके तहत स्कूलों, कॉलेज और विभिन्न कार्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने को कहा। इसके लिए सीएम ने परिवहन, सार्वजनिक निर्माण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग सहित कई विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर प्रयास करने के निर्देश दिए हैं।

