अवामी लीग पर हमले जारी
बांग्लादेश में तख्तापलट के दौरान कई मामलों में कार्यकर्ताओं की संपत्तियां भी ध्वस्त की गईं। सितंबर और अक्टूबर के बीच पूरे बांग्लादेश में भीड़ की पिटाई और लिंचिंग आम थी। कथित तौर पर अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए कोई कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। अवामी छात्र शाखा छात्र लीग को एक आतंकी संगठन करार दिया गया है और इसके कई सदस्यों को जेल भेज दिया गया है।
बांग्लादेश के सूत्रों ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि अवामी लीग को निशाना बनाकर हत्या का सिलसिला जारी है। शेख हसीना ने अपनी बहन के साथ 5 अगस्त को बांग्लादेश छोड़ दिया था। इसके एक दिन बाद पार्टी के 29 सदस्य और उनके परिवार के लोग मारे गए थे।
शेख हसीना के खिलाफ आरोपों की जांच की समयसीमा बढ़ी
बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ मानवता के खिलाफ अपराध के आरोपों की जांच पूरी करने की समय सीमा मंगलवार को दो महीने के लिए बढ़ा दी। ‘डेली स्टार’ अखबार की खबर के अनुसार, न्यायाधिकरण के अध्यक्ष न्यायमूर्ति गुलाम मुर्तुजा मजूमदार की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने यह आदेश पारित किया तथा जुलाई-अगस्त में छात्र नेतृत्व वाले प्रदर्शनों के दौरान नरसंहार के लिए हसीना और पूर्व मंत्रियों सहित 45 अन्य के खिलाफ दर्ज मामले में जांच पूरी करने के लिए समय सीमा 18 फरवरी तक बढ़ा दी।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, दो मामलों की जांच रिपोर्ट आज पूरी होनी थी, लेकिन जांच एजेंसी ने और समय मांगा। पूर्व कृषि मंत्री अब्दुर रज्जाक को नरसंहार मामले में गिरफ्तार दिखाया गया, इसके अलावा 15 अन्य उच्च पदस्थ लोगों को भी इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार दिखाया गया था।
(एजेंसी इनपुट के साथ।)

