सपा कर सकती है मुकाबला
अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के भारतीय जनता पार्टी से मुकाबला करने की बात कही। उन्होंने कहा कि देश ने देखा है कि हमने लोकसभा चुनाव में किस प्रकार से मुकाबला किया। लीडरशिप और क्रेडिट न मिलने के सवाल पर बड़ी बात ही। अखिलेश ने I.N.D.I.A. के नेता के तौर पर ममता बनर्जी का नाम लिए जाने पर कहा कि हम उसके साथ खड़े हैं जो बीजेपी को जो हटाएगा। उन्होंने कहा कि यूपी ही प्रधानमंत्री बनता है। यूपी ही दिशा तय करता है। लोकसभा चुनाव में जो 400 प्लस का नारा था, अगर उस गाड़ी को किसी ने रोका है तो यूपी की जनता का सबसे बड़ा योगदान है।
अखिलेश ने कहा कि पीडीए परिवार के लोगों का सबसे बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि कोई हमें क्रेडिट देता है, नहीं देता है, कोई फर्क नहीं पड़ता। सबको पता है कि समाजवादी पार्टी वहां मौजूद है, जो ऐसी सांप्रदायिक राजनीति करने वालों का मुकाबला करती रहेगी। समाजवादी पार्टी ने सबसे ताकतवर तरीके से लड़ाई लड़ी है।
यूपी चुनाव में हार का जिक्र
अखिलेश यादव ने यूपी चुनाव 2022 में हार का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव में हमारी हार हुई तो मैंने कहा था कि इलेक्शन कमीशन ने जानबूझकर के वोटर लिस्ट में छंटनी की। हमारे वोटरों के नाम काट दिए। उसका परिणाम यह हुआ कि इलेक्शन कमीशन ने मुझे नोटिस दिया था कि आपका आधार पर कह रहे हैं? मैंने इलेक्शन कमीशन को 18000 वोटों का विवरण दिया। उन्होंने वोट डाला था और उनके वोट डिलीट हुए। इस प्रकार के मामलों में हम मजबूती के साथ खड़े रहते हैं।
2027 में जीत का दावा
अखिलेश यादव ने अभी से ही यूपी चुनाव 2027 में जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता का फैसला जो था, 2027 में भी वही परिणाम आएगा। उससे बेहतर परिणाम जनता इस बार देगी। जनता सरकार को देख रही हैं। जिन मुद्दों की वजह से भारतीय जनता पार्टी हारी है, अभी तक उन मुद्दों का भी समाधान नहीं कर पा रही है। किसान के सवाल पर भारतीय जनता पार्टी चर्चा नहीं करना चाहती है।
अखिलेश ने कहा कि किसानों के लिए कहा था, हम आपकी आय दोगुनी कर देंगे। अर्थव्यवस्था को अगर आप विकसित भारत तक पहुंचाना चाहते हैं तो बिना किसान की आय बढ़ाए आप दुनिया में विकसित भारत कैसे बनाएंगे? जिस देश में इतने बड़े पैमाने पर बेरोजगारी हो, जहां अग्निवीर जैसी आधी-अधूरी नौकरी से नौजवानों का भविष्य क्या होगा।
अखिलेश ने कहा कि आज का नौजवान सपने देख रहा है एक अच्छी नौकरी मिल जाए। उसको सम्मान का रोजगार मिल जाए। आज कोई भी सरकार कोई बात छिपा नहीं सकती है। आज के युग में हम जिस तरीके से जी रहे हैं। हर चीज हर एक को पता है। अभी भी उन सवालों का जवाब भारतीय जनता पार्टी ने नहीं ढूंढा है। महंगाई का सवाल वैसे का वैसा है जैसे पहले था।
अखिलेश ने कहा कि इन मसलों पर चर्चा न हो, इसीलिए भारतीय जनता पार्टी जानबूझकर के नए-नए मुद्दे लेकर के आती है। इससे जो बुनियादी सवाल हैं, उन्हें छोड़ दिया जाए। हम और हमारा पीडीए जमीन पर काम कर रहा है। हम इस बार के चुनाव में जरूर जीतेंगे।
उपचुनाव रिजल्ट पर हमला
यूपी की 9 सीटों पर हुए उपचुनाव रिजल्ट को लेकर भी अखिलेश ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने उम्मीदवारों के साथ-साथ पुलिस को भी मैदान में उतारा था। इस कारण उन्हें जीत मिली। हमने 300 से अधिक शिकायतें की। कानपुर की शिकायत पर कार्रवाई हुई। वहां हम जीते। पुलिस अधिकारी पर चुनाव आयोग ने कार्रवाई की। इसे भी हमें देखना चाहिए। उपचुनाव में प्रदर्शन से कार्यकर्ताओं के उत्साह में कमी न आने का दावा किया।
कांग्रेस के साथ गठबंधन बरकरार
महाराष्ट्र सपा की ओर से I.N.D.I.A. गठबंधन से बाहर निकलने के मसले पर भी अखिलेश यादव ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ हमारा गठबंधन बरकरार है। 2027 का विधानसभा चुनाव हम साथ मिलकर लड़ेंगे। फॉर्मूला क्या होगा? यह आपस में बैठकर तय कर लेंगे। उपचुनाव में सभी 9 सीटों पर सपा उम्मीदवार उतारने को उन्होंने एक रणनीति का हिस्सा बताया। उन्होंने दावा किया कि इससे गठबंधन पर कोई फर्क नहीं पड़ा है।

