नई दिल्ली/मुंबई. नेशनल कैपिटल दिल्ली से लेकर देश की आर्थिक राजधानी मुंबई तक के मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है. देश की राजधानी दिल्ली के लोग फिलहाल उमस भरी गर्मी का समाना कर रहे हैं. ठंड की आमद अभी तक नहीं हुई है, लेकिन एयर पॉल्यूशन धीरे-धीरे विकराल रूप धारण करता जा रहा है. जून के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब AQI (Air Quality Index) 225 को पार कर गया है. यह पूअर कैटेगरी में है. इससे पहले 5 जून 2024 को दिल्ली का AQI 248 था. दिल्ली सरकार ने अपने विंटर एक्शन प्लान में कहा है कि पॉल्यूशन की स्थिति बिगड़ने पर वर्क फ्रॉम होम (WFH) की व्यवस्था लागू की जा सकती है. दूसरी तरफ, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने बहुत तेज बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है. बता दें कि देश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में भी तेज बारिश रिकॉर्ड की जा रही है.
दिल्ली में 112 दिनों के बाद AQI का लेवल इतने खराब स्तर तक पहुंचा है. बुधवार को AQI का स्तर 235 रिकॉर्ड किया गया. इससे पहले 5 जून 2024 को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में AQI का लेवल 248 रिकॉर्ड किया गया था. इसका मतलब यह हुआ कि दिल्ली और आसपास के इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब हो गई है. एयर क्वालिटी मैनेजमेंट के लिए डिसीजन सपोर्ट सिस्टम के अनुसार, मौजूदा समय में दिल्ली की हवा को खराब करने में ट्रांसपोर्ट सेक्टर महत्वपूर्ण कारण है. इसका मतलब यह हुआ कि वाहनों से होने वाला प्रदूषण काफी खतरनाक है. सेंट्रल पॉल्यूशन बोर्ड के मुताबिक, इससे पहले मंगलवार को दिल्ली का AQI 197 था.
FIRST PUBLISHED : September 25, 2024, 20:54 IST

