Last Updated:
Nashik Accident: नासिक के सप्तश्रृंग गढ़ घाट में टोयोटा इनोवा के 800 फुट खाई में गिरने से कीर्ति पटेल, रसीला पटेल समेत छह लोगों की मौत हो गई. यह घटना शाम चार बजे हुई और मृतक निफाड़ तालुका के पिंपलगांव बसवंत के रहने वाले हैं.
नासिक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई.नासिक. नासिक के कलवान तालुका के सप्तश्रृंग गढ़ घाट में रविवार को एक कार के 800 फुट गहरी खाई में गिर जाने से छह लोगों की मौत हो गई. एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि यह घटना शाम चार बजे हुई और मृतक निफाड़ तालुका के पिंपलगांव बसवंत के रहने वाले हैं.
अधिकारी ने बताया, ‘उनकी मौके पर ही मौत हो गई. टोयोटा इनोवा वाहन में सात यात्री सवार थे. मृतकों की पहचान कीर्ति पटेल (50), रसीला पटेल (50), विट्ठल पटेल (65), लता पटेल (60), वचन पटेल (60) और मणिबेन पटेल (70) के रूप में हुई है. पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं.’
जानकारी के अनुसार, कार सप्तश्रृंगी माता मंदिर की ओर जा रही थी, तभी भवारी झरने के पास ओवरटेक करने की कोशिश में चालक ने नियंत्रण खो दिया. भवारी झरना अपने तीखे मोड़ और संकरी सड़क के लिए जाना जाता है. स्थानीय उप कलेक्टर और जिला आपदा प्राधिकरण के सीईओ रोहित कुमार राजपूत ने बताया कि पुलिस और जिला आपदा प्रबंधन समिति के कर्मियों की तैनाती के साथ अभियान जारी है.
पीएम मोदी ने घटना पर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना में हुई मौतों पर दुख व्यक्त किया है. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “महाराष्ट्र के नासिक में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ है. मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द स्वस्थ हों.”
इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस हादसे पर दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि नासिक जिले के सप्तश्रृंगी गढ़ में एक वाहन के गिरने से हुई दुर्घटना में 6 श्रद्धालुओं की मृत्यु की घटना अत्यंत दुखद है. मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. हम उनके परिवारों के दुःख में शामिल हैं. शवों को निकालने के लिए बचाव कार्य जारी है और पूरी मशीनरी वहां तैयार रखी गई है. राज्य सरकार की ओर से इन श्रद्धालुओं के उत्तराधिकारियों को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें

