Last Updated:
Tamil Nadu CM Vijay News: सीएम विजय को पीएम पद के संभावित चेहरे के तौर पर पेश किए जाने की कोशिशों पर कांग्रेस पार्टी ने बेहद तीखा सियासी हमला बोला है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई ‘साउदर्न जोनल काउंसिल’ की बैठक में सीएम विजय के शामिल होने के बाद से ही उनके समर्थकों द्वारा राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका के दावे किए जा रहे थे. इस पर कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कहा कि लोकतंत्र में प्रधानमंत्री बनने के लिए संसद में 272 सांसदों का मजबूत संख्याबल जरूरी होता है, जो सिर्फ हवा या सोशल मीडिया के दावों से हासिल नहीं किया जा सकता.
कांग्रेस ने सीएम विजय पर चुटकी ली है. (फाइल फोटो)
चेन्नई. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय को उनके समर्थकों द्वारा राष्ट्रीय राजनीति और प्रधानमंत्री पद के संभावित चेहरे के रूप में पेश किए जाने पर कांग्रेस ने तीखा तंज कसा है. कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने सोमवार को इन चर्चाओं को सिरे से खारिज करते हुए दो टूक कहा कि देश का प्रधानमंत्री बनने के लिए संसद में कम से कम 272 सांसदों का संख्याबल चाहिए होता है. केवल सोशल मीडिया या समर्थकों द्वारा माहौल बना देने से कोई प्रधानमंत्री की कुर्सी तक नहीं पहुंच जाता.
दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई 31वीं ‘साउदर्न जोनल काउंसिल’ की अहम बैठक में मुख्यमंत्री विजय के शामिल होने के बाद से ही उनके राष्ट्रीय स्तर पर उभरने की अटकलें तेज हो गई थीं. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कार्ति चिदंबरम ने कहा कि किसी भी क्षेत्रीय या नई राजनीतिक पार्टी के नेतृत्व की राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी महत्वाकांक्षाएं हो सकती हैं, लेकिन लोकतंत्र में कुर्सी का फैसला संसद के आंकड़े ही करते हैं. जब तक आपके पास 272 लोकसभा सीटों का जादुई आंकड़ा या मजबूत गठबंधन नहीं है, तब तक ऐसी बातें केवल ख्याली पुलाव हैं.
चिदंबरम ने कहा, “भारत का प्रधानमंत्री बनने के लिए आपको 272 सांसदों का समर्थन हासिल करना होता है; जो भी गठबंधन या राजनीतिक पार्टी 272 सांसदों का समर्थन जुटा लेती है, उसी गठबंधन या पार्टी का नेता भारत का प्रधानमंत्री बनता है. यह एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो एक बहुत मशहूर फिल्म स्टार के इर्द-गिर्द केंद्रित है. इसलिए, वे अपने नेता के लिए कल्पनाएं, सपने, महत्वाकांक्षाएं और इच्छाएं रख सकते हैं.” इससे पहले, तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और सांसद मणिकम टैगोर ने सत्ताधारी पार्टी की आलोचना करते हुए कहा था कि तमिलनाडु के कुछ मंत्री अभी भी ‘फैन क्लब मोड’ में काम कर रहे हैं और ऐसी सोच वाले लोगों को बदला नहीं जा सकता.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
और पढ़ें

