Last Updated:
Heatwave In India: भीषण गर्मी से देश के अधिकतर हिस्से हीटवेव की चपेट में है. लोकल सर्किल सर्वे में कहा गया है कि 10 में से 8 शहरी हालात को गंभीर मानते है. इस कारण बिजली मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है. हीटस्ट्रोक से मौतें भी हुई है. एसी-कूलर की बिक्री भी काफी बढ़ गई है.
इस वक्त करीब-करीब समूचा भारत भीषण हीटवेव की चपेट में है. फोटो- रायटर
Heatwave In India: देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. इसी बीच लोकल सर्किल एजेंसी के एक बड़े सर्वे में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. सर्वे के मुताबिक 10 में से 8 शहरी भारतीयों ने माना कि उनके इलाके में हीटवेव की स्थिति बेहद गंभीर है. मौसम विभाग ने दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात समेत कई राज्यों में हीटवेव अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की आशंका जताई गई है. दिन में 11 से चार बजे तक लोग घरों में रहने को मजबूर हैं. लोकल सर्किल्स के सर्वे के मुताबिक ज्यादातर लोग दोपहर 11 बजे से शाम चार बजे के बीच बाहर निकलने से बच रहे हैं. वहीं 10 में से 4 लोग गर्मी से राहत पाने के लिए एयर कंडीशनर का इस्तेमाल कर रहे हैं. करीब 80 फीसदी लोगों ने बताया कि वे शरीर को ठंडा रखने के लिए पहले से ज्यादा पानी पी रहे हैं.
5 में से 1 ने कहा- रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित
सर्वे में शामिल 20 हजार से ज्यादा लोगों में से 26 फीसदी ने कहा कि गर्मी बेहद गंभीर है और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है. 53 फीसदी लोगों ने इसे गंभीर लेकिन संभालने लायक बताया. सिर्फ 19 फीसदी लोगों ने कहा कि गर्मी का असर मध्यम स्तर का है, जबकि बहुत कम लोगों ने इसे सामान्य बताया.
बढ़ा बिजली का संकट, रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची मांग
भीषण गर्मी का असर बिजली व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है. देश में बिजली की मांग 256 गीगावॉट के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई है. एसी, कूलर और पंखों के बढ़ते इस्तेमाल से कई राज्यों में बिजली व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है. राजस्थान, झारखंड और महाराष्ट्र के कई इलाकों में बिजली कटौती और ट्रांसफॉर्मर खराब होने की खबरें सामने आई हैं.
हीटस्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ा
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि लगातार तेज गर्मी और उमस से हीटस्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और थकावट का खतरा तेजी से बढ़ रहा है. सबसे ज्यादा खतरा बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले मजदूरों को बताया गया है. कर्नाटक में तेज गर्मी के बीच एक मजदूर की मौत की खबर सामने आई है, जबकि ओडिशा में भी हीट एक्सपोजर से दो शिक्षकों की मौत की जानकारी मिली है.
कूलिंग उपकरणों की बिक्री में उछाल
गर्मी बढ़ने के साथ एसी, कूलर और फ्रिज की बिक्री में भी भारी उछाल आया है. कई कंपनियों का कहना है कि पिछले कुछ हफ्तों में मांग करीब 50 फीसदी तक बढ़ गई है. कई शहरों में एयर कंडीशनर की कमी भी देखने को मिल रही है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें

