Last Updated:
Aaj Ka Mausam 17 November: भारत पर इन दिनों दो प्राकृतिक खतरा मंडरा रहा है. एक तरफ प्रचंड चक्रवाती तूफान अक्वान तट की तरफ बढ़ रहा है. इसे प्रभाव से आंध्र प्रदेश से लेकर बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार में मूसलाधार से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाले चक्रवाती तूफान से व्यापक पैमाने पर नुकसान होने की भी आशंका है. दूसरी तरफ, दिल्ली-एनसीआर समेत समस्त उत्तर भारत में घना कोहरा पड़ने की बात कही गई है. इससे रोड से लेकर एयर और रेल यातायात तक के प्रभावित होने की आशंका है.
बंगाल की खाड़ी में उठा अक्वान साइक्लोन तेजी से तट की तरफ बढ़ रहा है. (फोटो: IMD के एक्स अकाउंट से साभार)
Aaj Ka Mausam 17 November: भारत पर एक और गहरा संकट मंडरा रहा है. बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन तेजी से शक्तिशाली चक्रवाती तूफान में बदल रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय यह मौसम प्रणाली चक्रवाती तूफान में तब्दील हो चुका है. मंगलवार 17 नवंबर की शाम तक इसके प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप लेने का अनुमान है. मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि यह तूफान और अधिक ताकतवर होकर 19 नवंबर की रात के आसपास अत्यंत प्रचंड चक्रवाती तूफान के रूप में आंध्र प्रदेश तट के निकट पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है. वेदर सिस्टम के प्रभाव से दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ तूफानी मौसम रहने की आशंका है. विशेष रूप से तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश तथा कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में खराब मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने की जरूरत बताई है. आईएमडी के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 और 19 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. तेलंगाना में 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. रायलसीमा में भी 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है. वहीं, उत्तर और पूर्वी भारत में ठंड के मौसम ने दस्तक दे दी है. दिल्ली-एनसीआर में कोहरे और धुंध का प्रकोप रहने का पूर्वानुमान है.
80-90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
चक्रवात के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और रायलसीमा में 19-20 नवंबर को गरज-चमक, बिजली गिरने और 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. इससे पहले 17 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 18 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और झोंकों की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 17-18 नवंबर को 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 19 नवंबर को इन क्षेत्रों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी बारिश का दौर
मौसम विभाग ने पूर्वी भारत के राज्यों के लिए भी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 17 नवंबर को व्यापक स्तर पर बारिश होने की संभावना है. यहां 16 नवंबर को गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 17 से 22 नवंबर के दौरान हवा की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. ओडिशा में 19 से 22 नवंबर के दौरान व्यापक बारिश होने की संभावना है. राज्य में 18 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश तथा 19 से 21 नवंबर के दौरान बहुत भारी बारिश हो सकती है. 19 और 20 नवंबर को गरज-चमक के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. गंगा के मैदानी इलाके वाले पश्चिम बंगाल में 20 नवंबर को व्यापक स्तर पर बारिश हो सकती है. राज्य में 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. झारखंड में 20-21 नवंबर के दौरान व्यापक बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान है. बिहार में 20 से 22 नवंबर के दौरान छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर बारिश हो सकती है.
मध्य भारत और पूर्वोत्तर में भी बदलेगा मौसम
चक्रवात से जुड़ी मौसमी गतिविधियों का प्रभाव मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है. छत्तीसगढ़ में 18 से 22 नवंबर, विदर्भ में 19 से 21 नवंबर और पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 से 22 नवंबर तक बारिश होने की संभावना है. छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 21 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21-22 नवंबर को छिटपुट बारिश हो सकती है. पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश में 21-22 नवंबर को व्यापक बारिश की संभावना है. असम और मेघालय में 22 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 19 से 21 नवंबर के दौरान व्यापक बारिश होने का अनुमान है. इन राज्यों में 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में घने कोहरे का अलर्ट
एक तरफ दक्षिण और पूर्वी भारत में चक्रवात तथा बारिश का खतरा है, वहीं उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरे की समस्या बढ़ने की आशंका है. मौसम विभाग ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 17 से 20 नवंबर तक घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है. उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में 18 नवंबर तक घना कोहरा छा सकता है. दोनों क्षेत्रों में बहुत घना कोहरा रहने की संभावना जताई गई है. इससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है और सड़क तथा रेल यातायात में परेशानी हो सकती है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान था. पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई थी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की गतिविधियां तेज रहेंगी. दक्षिण भारत में चक्रवात के प्रभाव से भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा रहेगा, जबकि पूर्वी भारत में भी बारिश और तूफानी हवाओं की स्थिति बन सकती है. उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण सुबह के समय जनजीवन और यातायात प्रभावित होने की आशंका है.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…

