Last Updated:
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ विदेशों में कार्रवाई तेज हो गई है. फ्रांस से गैंग के एक मेंबर गरिंदर देव को गिरफ्तार किया गया है. इस बीच कनाडा से जशनदीप सिंह को डिपोर्ट करने का आदेश दिया गया है. उधर अमेरिका में भी लॉरेंस गैंग के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल हुआ था.
फ्रांस में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक गुर्गे को गिरफ्तार किया गया है.
Lawrence Bishnoi Gang Members Arrested: विदेशों में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है. अमेरिका में गैंग के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल होने के कुछ ही दिनों बाद कनाडा और फ्रांस में भी बड़ा एक्शन देखने को मिला है. एक ओर गैंग के कथित सदस्य गरिंदर देव को फ्रांस में गिरफ्तार किया गया है, वहीं दूसरी ओर कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग मामले से जुड़े एक अन्य आरोपी जशनदीप सिंह को कनाडा से डिपोर्ट करने का आदेश दिया गया है.
कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने शुक्रवार को बताया कि 40 वर्षीय गरिंदर देव को फ्रांस में गिरफ्तार किया गया है. अब उसे प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के तहत कनाडा लाया जाएगा. जांच एजेंसियों के मुताबिक गरिंदर देव लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का अहम सदस्य माना जाता है.
अमेरिका के न्याय विभाग (DOJ) की ओर से हाल ही में दाखिल आरोपपत्र में गरिंदर देव का भी नाम शामिल है. दस्तावेजों के अनुसार वह डॉक्टर, रॉकेट और रिट्ज कार्लटन जैसे उपनामों से भी जाना जाता है. आरोप है कि उसने बिश्नोई गैंग को आर्थिक फायदा पहुंचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के नेटवर्क में अहम भूमिका निभाई.
अमेरिका में लॉरेंस गैंग के खिलाफ एक्शन
DOJ के मुताबिक गरिंदर देव ने बड़ी मात्रा में कोकीन और हेरोइन की खरीद और उसकी सप्लाई की साजिश में मदद की. जांच में सामने आया कि जून 2025 में करीब 99.2 किलोग्राम कोकीन और 1 किलोग्राम हेरोइन की खेप दक्षिणी कैलिफोर्निया से अमेरिका के पूर्वी हिस्से तक पहुंचाने की योजना बनाई गई थी. हालांकि अमेरिकी एजेंसियों ने इस खेप को रास्ते में ही जब्त कर लिया था.
उधर, कनाडा में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक अन्य कथित सदस्य जशनदीप सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई हुई है. कनाडा के इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी ट्रिब्यूनल ने उसे देश से डिपोर्ट करने का आदेश दिया है. अधिकारियों का आरोप है कि जशनदीप सिंह ने कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे के बाहर हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार को छिपाने में मदद की थी.
हालांकि इस मामले में जशनदीप सिंह के खिलाफ अभी तक कोई आपराधिक आरोप औपचारिक रूप से तय नहीं किए गए हैं. उसने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है. जशनदीप वर्ष 2022 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा पहुंचा था और वहीं रह रहा था.
इससे पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अर्शदीप सिंह को भी कनाडा से डिपोर्ट किया जा चुका है. लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैंग के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की बड़ी कोशिश माना जा रहा है. गौरतलब है कि अमेरिका के न्याय विभाग द्वारा लॉरेंस बिश्नोई समेत दो भारतीय गैंगस्टरों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए जाने के बाद कई देशों की जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में गैंग के विदेशों में सक्रिय अन्य सदस्यों पर भी कार्रवाई तेज हो सकती है.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें

