एक दिन… तीन राज्य… और 12 घंटे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन बड़े कार्यक्रम ने साबित कर दिया है कि पीएम मोदी विकसित भारत 2047 को लेकर पूरे जोश में हैं. पश्चिम बंगाल के IIT खड़गपुर से बिहार के वैशाली और फिर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक… पीएम मोदी ने विकास के तीन अलग-अलग एजेंडों के जरिए अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. बंगाल में शिक्षा और तकनीक का संदेश, बिहार में नीतीश सेतु के उद्घाटन के जरिये कनेक्टिविटी और विकास का दावा और यूपी में कौशल दीक्षांत समारोह के जरिए युवाओं और रोजगार पर फोकस… लेकिन प्रधानमंत्री के इस ट्रिपल धमाके का सबसे अहम राजनीतिक पड़ाव उत्तर प्रदेश रहा, क्योंकि यूपी में अब 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात बिछने लगी है.
बीजेपी के सामने 2024 के लोकसभा चुनाव में लगे सियासी झटके से उबरने की चुनौती है. ऐसे में मोदी का चेहरा, योगी का काम और विकास का एजेंडा बीजेपी की चुनावी रणनीति के सबसे बड़े हथियार बन सकते हैं. वहीं दूसरी तरफ अखिलेश यादव PDA के जरिए सामाजिक समीकरण साधने में जुटे हैं. राहुल गांधी कांग्रेस की जमीन मजबूत करना चाहते हैं और ओवैसी-चंद्रशेखर का नया मोर्चा भी यूपी के चुनावी गणित को प्रभावित करने की तैयारी में है. यानी मोदी के तीन राज्यों के दौरे के बीच यूपी में 2027 की सियासी जंग का काउंटडाउन भी तेज हो गया है.
एक तरफ राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरने में जुटे हैं. दूसरी तरफ अखिलेश यादव यूपी में PDA का सियासी समीकरण बनाने में लगे हैं. लेकिन इन सबके बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा सियासी दांव चला है, जिसने 2027 के चुनावी मुकाबले की चर्चा को और तेज कर दिया है. एक दिन, तीन राज्य… तीन बड़े कार्यक्रम… और हर कार्यक्रम के पीछे एक बड़ा राजनीतिक संदेश… बंगाल में शिक्षा और तकनीक का एजेंडा… बिहार में 34 हजार 470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं… और उत्तर प्रदेश में कौशल विकास के नाम पर युवाओं से सीधा संवाद…
सवाल ये है कि क्या प्रधानमंत्री मोदी का ये दौरा सिर्फ सरकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला है या फिर 2027 के चुनावी रण से पहले बीजेपी ने अपना सियासी रोडमैप भी दिखाना शुरू कर दिया है, क्योंकि इस बार यूपी में मुकाबला आसान नहीं है… सामने अखिलेश का PDA है. राहुल गांधी की कांग्रेस है और अब ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का नया सियासी मोर्चा भी मैदान में है.
‘चुनौती को चुनौती दिए बिना रह नहीं सकता’
बिहार पहुंचने से पहले पीएम मोदी पश्चिम बंगाल पहुंचे और देश के पहले आईआईटी- IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली यानी 75 वर्ष पूरे होने पर एक खास समारोह में शामिल हुए. यहां पीएम मोदी ने IIT के छात्रों से सीधा संवाद किया. बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरे स्वभाव में ही है कि मैं चुनौती को चुनौती दिए बिना रह नहीं सकता उन्होंने युवाओं को मुश्किल परिस्थितियों में भी हार नहीं मानने और उनसे आगे निकलने का संदेश दिया.
पीएम मोदी ‘विकसित भारत के लिए 75 आवाजें’ पहल के तहत 75 विद्यार्थियों से संवाद भी किया. इस कार्यक्रम के जरिए संस्थान की 75 वर्षों की यात्रा और देश के भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका को फोकस किया गया.
बिहार को पीएम मोदी की सौगात
पीएम मोदी का दूसरा दौरा बिहार में हुआ है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 नवंबर को बिहार के वैशाली में करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया. ये सिर्फ एक पुल या सड़क परियोजना नहीं थी, बल्कि सड़क, बिजली, शहरी विकास, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़ा बड़ा पैकेज था, पीएम मोदी इस दौरान दो बार अपनी शाल को अंगोछे की तरफ जनता के बीच लहराया, मोदी का ये अंदाज बिहार के युवाओं के बीच जोश भर गया.
बिहार का वैशाली आज पीएम मोदी के यादगार दौरे का गवाह बना. यहां पीएम मोदी ने गंगा नदी पर बने 6 लेन के नीतीश सेतु का लोकार्पण किया. नीतीश सेतु की कुल लागत 4,280 करोड़ रुपये है. कुल लंबाई 19.7 किलोमीटर है. कहां से कहां तक गया सेतु ये भी जान लीजिए.
- दक्षिणी छोर: कच्ची दरगाह, पटना जिला, NH-22 तक
- उत्तरी छोर: बिदुपुर, वैशाली जिला, NH-322 तक
- उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा
- महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा
- राघोपुर दियारा के लोगों को पटना पहुंचने में सुविधा मिलेगी
- किसानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी
- करीब ₹34,470 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुए
- सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि इसमें दो तरह की परियोजनाएं थीं
- एक ₹15,600 करोड़ से अधिक–जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया
- और दूसरा करीब ₹14,450 करोड़-जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया
- इस मौके पर 100 PM ई-बसों को हरी झंडी दिखाई गई
- PM आवास योजना के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश कार्यक्रम हुआ
सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और शहरी विकास की परियोजनाएं
पीएम मोदी का तीसरा दौरा यूपी के लखनऊ में हुआ, यहां गोमती नगर के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए. पीएम मोदी और सीएम योगी की मौजूदी में हुए कौशल दीक्षांत समारोह में पीएम मोदी ने भविष्य के भारत के कौशल योद्धाओं को भारत की असली ताकत बताया. गोमती नगर के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए. ITI, NSTI और प्रशिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों के 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित किया गया.
मोदी का चेहरा, योगी का पहरा!
तीन राज्यों में तीन अलग-अलग एजेंडे, लेकिन राजनीतिक संदेश एक ही विकास, कनेक्टिविटी… युवा और 2027 की तैयारी अब सवाल ये है कि क्या प्रधानमंत्री मोदी का ये दौरा सिर्फ सरकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला है. या फिर 2027 के चुनावी रण से पहले बीजेपी ने अपना सियासी रोडमैप भी दिखाना शुरू कर दिया है. क्योंकि इस बार यूपी में मुकाबला आसान नहीं है.
दिल्ली की सत्ता का रास्ता है यूपी
हाल में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने न्यूज18 इंडिया को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में साफ-साफ कहा है कि यूपी का चुनाव पीएम मोदी के चेहरे और नेतृत्व में लड़ा जा रहा है. लेकिन प्रधानमंत्री के इस दौरे में सबसे ज्यादा राजनीतिक नजरें उत्तर प्रदेश पर टिकी हैं, क्योंकि उत्तर प्रदेश सिर्फ एक राज्य नहीं, दिल्ली की सत्ता का रास्ता भी है…
80 लोकसभा सीटों वाला यूपी, जहां से बीजेपी को 2024 में सबसे बड़ा सियासी झटका लगा था. 2019 में बीजेपी ने यूपी की 62 लोकसभा सीटें जीती थीं. लेकिन 2024 में पार्टी की सीटें घटकर 33 रह गईं. दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी 37 सीटें जीतकर राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. कांग्रेस को भी 6 सीटें मिलीं यानी विपक्ष ने बीजेपी के उस मजबूत किले में सेंध लगा दी, जिसे बीजेपी लंबे वक्त से अपनी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत मानती रही है.
अब 2027 में विधानसभा चुनाव है और बीजेपी के सामने चुनौती सिर्फ सरकार बचाने की नहीं…बल्कि उस सामाजिक और राजनीतिक समीकरण को दोबारा मजबूत करने की है जिसने उसे लगातार सत्ता तक पहुंचाया था.
विपक्ष का बिखराव vs यूपी चुनाव 27!
यूपी चुनाव को लेकर बीजेपी की रणनीति को समझिए. पार्टी के सामने दो बड़ी चुनौतियां हैं. पहली- 2024 में विपक्ष के पक्ष में गए सामाजिक समीकरण को तोड़ना. दूसरी- संगठन के भीतर मौजूद नाराजगी और विधायकों के खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी को दूर करना. 2027 में बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी अपने परंपरागत वोट बैंक को एकजुट रखना. पार्टी को पता है कि सिर्फ मोदी के चेहरे और योगी के कामकाज के भरोसे चुनाव जीतना आसान नहीं होगा. इसी को ध्यान में रखते हुए बीजेपी ने छह जन आशीर्वाद यात्राओं के जरिए पूरे प्रदेश में पहुंचने की योजना बनाई है.
ब्रज, पश्चिमी यूपी, कानपुर-बुंदेलखंड, काशी, अवध और गोरखपुर… इन छह क्षेत्रों में संगठन को सक्रिय करने की तैयारी है. बीजेपी ने करीब 90 ऐसी विधानसभा सीटों पर विशेष फोकस करने की रणनीति बनाई है, जहां पार्टी को पिछले चुनावों में नुकसान हुआ या उसकी स्थिति कमजोर रही. पार्टी की रिपोर्टों के मुताबिक, 403 विधानसभा सीटों वाले यूपी में 260 सीटें जीतने का लक्ष्य भी चर्चा में है.
वहीं बीजेपी के यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने 312 सीटों का लक्ष्य सामने रखा है. यानी बीजेपी के भीतर सिर्फ सत्ता बचाने की नहीं, बल्कि बड़ी जीत के साथ वापसी करने की तैयारी है. यानी यूपी में 2027 का चुनावी मुकाबला अभी से दिलचस्प हो चुका है. कौन बनाएगा सरकार, कौन काटेगा किसका वोट, किसके चेहरे पर लगेगी सत्ता की मुहर इसका फैसला यूपी की जनता करेगी. लेकिन इतना जरूर है कि 2027 की जंग में अब कोई भी खिलाड़ी हल्के में नहीं लिया जा सकता.

