Last Updated:
मेहंदी आर्टिस्ट के अनुसार फेस मेहंदी डिजाइन बनाने में काफी बारीकी और समय लगता है. इसके लिए सबसे पहले दूल्हे की पोर्ट्रेट फोटो ली जाती है. इसके बाद उसी फोटो को देखकर हाथों में बिल्कुल वैसा ही चेहरा बनाया जाता है. पूरा डिजाइन तैयार करने में करीब दो से तीन घंटे का समय लग जाता है.
पलामू: शादी-विवाह का मौसम शुरू होते ही दुल्हनों की तैयारियां भी तेज हो जाती हैं. हर दुल्हन चाहती है कि अपने जीवन के इस खास दिन पर वह सबसे अलग और खूबसूरत दिखे. भारतीय परंपरा में सोलह श्रृंगार का विशेष महत्व माना जाता है और इनमें मेहंदी का खास स्थान है. मेहंदी न केवल दुल्हन की खूबसूरती बढ़ाती है, बल्कि इसे शुभता और प्रेम का प्रतीक भी माना जाता है. यही वजह है कि शादी के दिन दुल्हन अपने हाथों में सबसे सुंदर और अनोखा मेहंदी डिजाइन लगवाना चाहती है.
इसी कड़ी में इस ब्राइडल सीजन एक नया और अलग ट्रेंड देखने को मिल रहा है. अब कई दुल्हनें अपने हाथों में दूल्हे का चेहरा बनवाकर मेहंदी लगवा रही हैं. मेदिनीनगर के मेहंदी आर्टिस्ट पंकज सिंह बताते हैं कि फेस मेहंदी डिजाइन इन दिनों लेटेस्ट ट्रेंड में शामिल है. इसमें दूल्हे की फोटो देखकर उसी तरह का चेहरा दुल्हन के हाथों में उकेरा जाता है. हालांकि अभी इसकी डिमांड सीमित है, क्योंकि यह डिजाइन सामान्य मेहंदी की तुलना में थोड़ा महंगा पड़ता है, लेकिन जो दुल्हनें कुछ अलग और खास चाहती हैं, वे इसे पसंद कर रही हैं.
मेहंदी आर्टिस्ट के अनुसार फेस मेहंदी डिजाइन बनाने में काफी बारीकी और समय लगता है. इसके लिए सबसे पहले दूल्हे की पोर्ट्रेट फोटो ली जाती है. इसके बाद उसी फोटो को देखकर हाथों में बिल्कुल वैसा ही चेहरा बनाया जाता है. पूरा डिजाइन तैयार करने में करीब दो से तीन घंटे का समय लग जाता है. चूंकि इसमें चेहरे के भाव और आकार को बहुत सावधानी से बनाना पड़ता है, इसलिए कलाकार को काफी धैर्य और सटीकता के साथ काम करना होता है.
फेस मेहंदी की कीमत भी डिजाइन की बारीकी और समय के आधार पर तय होती है. इसकी शुरुआती कीमत करीब 8000 रुपये से शुरू होकर 12000 रुपये तक जा सकती है. इसमें दोनों हाथों में दुल्हन की पसंद के अनुसार डिजाइन बनाया जाता है और साथ में दूल्हे का चेहरा भी उकेरा जाता है. वहीं अगर दूल्हा-दुल्हन के पारंपरिक डिजाइन बनवाने हों, जैसे वरमाला पहनाते हुए या हवनकुंड के फेरे लेते हुए, तो इसकी कीमत करीब 4000 से 5000 रुपये तक होती है.
ब्राइडल मेहंदी की सामान्य रेंज लगभग 2500 रुपये से शुरू होती है, जिसमें गुजराती, मारवाड़ी और पारंपरिक ब्राइडल डिजाइन बनाए जाते हैं. इसके अलावा दुल्हन की सहेलियों और बहनों के लिए अरेबिक समेत कई तरह के डिजाइन उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 200 रुपये से शुरू होती है.
मेहंदी आर्टिस्ट पंकज सिंह की दुकान मेदिनीनगर के गणपति धर्मशाला रोड पर सिटी स्टाइल के नीचे स्थित है. यह दुकान सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक खुली रहती है. जरूरत पड़ने पर घर जाकर भी मेहंदी लगाई जाती है और इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता. अधिक जानकारी के लिए 7906143048 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें

