Last Updated:
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने तेलंगाना के रंगारेड्डी में नए जिला मुख्यालय का उद्घाटन करते हुए विपक्ष को करारा जवाब दिया है. उन्होंने 1984 के इतिहास का हवाला देते हुए भाजपा को ‘बाहरी’ बताने वालों की बोलती बंद कर दी और राज्य के हर गांव-शहर में ‘कमल’ खिलाने का मेगा प्लान सामने रखा.
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन का तेलंगाना पलान. (फाइल फोटो)
हैदराबाद. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दक्षिण भारत, विशेषकर तेलंगाना में पार्टी के विस्तार को लेकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं. तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के शमशाबाद में आयोजित एक भव्य समारोह में शिरकत करते हुए नितिन नवीन ने जिला भाजपा कार्यालय के नए मुख्यालय का उद्घाटन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम को संबोधित करते हुए उन्होंने इतिहास के पन्नों से एक ऐसा ठोस आंकड़ा सामने रखा, जिसने भाजपा को ‘उत्तर भारत की पार्टी’ या ‘बाहरी पार्टी’ बताने वाले क्षेत्रीय दलों और कांग्रेस की बोलती पूरी तरह बंद कर दी. नितिन नवीन ने साफ किया कि तेलंगाना भाजपा के लिए कोई नया प्रयोग नहीं है, बल्कि इस राज्य की मिट्टी से पार्टी का रिश्ता तब से है जब देश की संसद में भाजपा अपने वजूद की सबसे कठिन लड़ाई लड़ रही थी.
शमशाबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने विरोधियों पर राजनीतिक प्रहार करने के लिए साल 1984 के लोकसभा चुनाव के इतिहास का सहारा लिया. उन्होंने कहा, “1984 में, जब पूरे देश में भाजपा के पास सिर्फ दो सांसद थे, तो उनमें से एक सांसद इसी तेलंगाना क्षेत्र (तब अविभाजित आंध्र प्रदेश) से जीतकर आया था. मेरा मानना है कि जो लोग आज राजनीति के तहत यह प्रोपेगैंडा फैलाते हैं कि भाजपा एक ‘बाहरी’ पार्टी है, उन्हें इतिहास का यह आंकड़ा जरूर देखना चाहिए. पार्टी की शुरुआत से ही, जब हमें पूरे देश में सिर्फ दो सीटें मिली थीं, तब भी उनमें से एक मजबूती से तेलंगाना से जुड़ी थी.”
जब नरसिम्हा राव को बीजेपी ने हराया था
नितिन नवीन का इशारा 1984 में हनमकोंडा लोकसभा सीट से भाजपा के चंदूपतला जंगा रेड्डी की ऐतिहासिक जीत की तरफ था, जिन्होंने तत्कालीन कद्दावर नेता पी.वी. नरसिम्हा राव को हराया था. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस बात को रेखांकित किया कि तेलंगाना की धरती पर भाजपा को स्थापित करने के लिए स्थानीय कार्यकर्ताओं ने दशकों तक खून-पसीना बहाया है और हिंसक राजनीतिक विरोध का सामना किया है.
साल 2027 में बीजेपी का दक्षिण प्लान
उन्होंने मंच से घोषणा की कि जिस सेवा-भाव और अटूट समर्पण के साथ भाजपा कार्यकर्ता आज जमीन पर डटे हुए हैं, उसे देखते हुए वह दिन दूर नहीं जब आने वाले समय में तेलंगाना के हर गांव, हर गली और हर शहर में भाजपा का ‘कमल’ पूरी शान से खिलेगा.
#WATCH | हैदराबाद, तेलंगाना: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रंगारेड्डी ज़िले के शमशाबाद में ज़िला भाजपा पार्टी मुख्यालय के उद्घाटन समारोह में कहा, “…1984 में, जब भाजपा के पास सिर्फ़ दो सांसद थे, तो उनमें से एक तेलंगाना क्षेत्र से था। मेरा मानना है कि जो लोग कहते हैं… pic.twitter.com/i94l37euld

