नई दिल्ली: कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन (इंडी) एक बार फिर चुनाव आयोग और वोटिंग प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए ‘वोट चोरी’ के नए आरोप लेकर सामने आए हैं. ‘रिपोर्टर्स कलेक्टिव’ की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए यह दावा किया गया है कि चुनाव आयोग के इंटरनल (आंतरिक) डॉक्यूमेंट्स से पता चला है कि 51 सीटें ऐसी हैं, जहां वोटों की गिनती में भारी गड़बड़ी हुई है. विपक्ष का कहना है कि इन सीटों पर या तो वोट कम गिने गए, या ज्यादा गिने गए, या फिर कुछ सीटों पर इंटरनल रिकॉर्ड में डाटा दर्ज ही नहीं किया गया.
रिपोर्टर्स कलेक्टिव की रिपोर्ट के हवाले से कांग्रेस ने क्या आरोप लगाए?
- देश की 500 से ज्यादा विधानसभा और लोकसभा सीटों पर चुनाव आयोग के अंदरूनी रिकॉर्ड्स चेक किए गए.
- इसमें 50 से ज्यादा सीटों पर गड़बड़ी का पता चला.
- चुनाव आयोग के अंदरूनी रिकॉर्ड के मुताबिक महाराष्ट्र की मुंबई नॉर्थ सीट से बीजेपी के पीयूष गोयल चुनाव जीते. दावा है कि वहां 18.11 लाख वोट पड़े, लेकिन रिजल्ट में सिर्फ 10.33 लाख वोट गिने गए. मतलब 7.78 लाख वोटों का हिसाब गायब दिखा.
- हरियाणा के बड़खल में 3.32 लाख वोट पड़े, लेकिन EVM में सिर्फ 1.60 लाख वोट गिने गए. यहां भी बीजेपी का उम्मीदवार चुनाव जीता.
- कुल मिलाकर आरोप है कि डाले गए वोट और गिने गए वोट मैच नहीं हुए.
कांग्रेस ने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग ने इन गड़बड़ियों के बावजूद कोई एक्शन नहीं लिया और न ही कोई री-पोल (दोबारा मतदान) हुआ. कांग्रेस ने इसे ‘वोट चोरी’ को देशद्रोह बताते हुए कड़ी सजा की मांग की है.
चुनाव आयोग ने मुंबई नॉर्थ के आंकड़ों पर क्या जवाब दिया?
चुनाव आयोग ने इन आरोपों का कड़ा जवाब देते हुए इन्हें सिरे से खारिज कर दिया. आयोग ने सबसे पहले यह सवाल उठाया कि जो मीडिया रिपोर्ट चल रही है, उसमें चुनाव आयोग के किस ‘इंटरनल रिकॉर्ड’ की बात हो रही है, इसका कोई जिक्र ही नहीं है. आयोग ने मुंबई नॉर्थ सीट का असल आंकड़ा पेश करते हुए भ्रम दूर किया:
मुंबई नॉर्थ लोकसभा सीट (2024 का चुनाव)
- कुल वोटर- 18 लाख 12 हजार 115
- वोट पड़े- 10 लाख 36 हजार 496
- वोट काउंट (गिने गए)- 10 लाख 35 हजार 731
- टेस्ट वोट + जो वोट रिकॉर्ड होते हैं लेकिन काउंट नहीं होते- 765
आयोग ने साफ किया कि इस सीट पर कुल 18 लाख वोटर हैं, जिसे भ्रामक तरीके से ’18 लाख पड़े हुए वोट’ बता दिया गया. असल में 10 लाख वोट ही पड़े थे और उतने ही गिने गए.
चुनाव आयोग ने X पर पोस्ट किया आरोपों का जवाब.
फॉर्म 17C क्या है और वोट चोरी क्यों मुमकिन नहीं है?
चुनाव आयोग का सिस्टम इतना फुल प्रूफ है कि वहां कई लेयर पर चेकिंग होती है. इस व्यवस्था में किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं रहती. इसे फॉर्म 17C के जरिए आसानी से समझा जा सकता है:
- फॉर्म 17C में डाले गए वोटों का पूरा लेखा-जोखा होता है. इसी फॉर्म से पता चलता है कि किसी मतदान केंद्र में कुल कितने वोट पड़े.
- मतदान खत्म होने पर पीठासीन अधिकारी (Presiding Officer) फॉर्म 17C का Part-I तैयार करता है.
- इसमें सीट, राज्य, पोलिंग स्टेशन का नंबर, कितने वोटर्स आए और कितने वोट पड़े, यह सब दर्ज होता है.
- इसकी एक-एक कॉपी मतदान केंद्र पर मौजूद सभी उम्मीदवारों के पोलिंग एजेंट्स को दी जाती है.
- ताकि काउंटिंग के दिन पोलिंग एजेंट्स यह मैच कर सकें कि जितने वोट्स फॉर्म में लिखे हैं, उतने ही काउंट हुए हैं या नहीं.
हरियाणा की बड़खल सीट का असली आंकड़ा क्या है?
इसी तरह कांग्रेस ने हरियाणा की बड़खल विधानसभा के बारे में दावा किया था कि वहां 3 लाख 32 हजार वोट पड़े, लेकिन 1 लाख 60 हजार ही गिने गए. चुनाव आयोग के रिकॉर्ड के मुताबिक इसका सच यह है:
- हरियाणा-बड़खल विधानसभा (चुनाव 2024)
- कुल वोटर – 3 लाख 32 हजार 253
- वोट पड़े- 1 लाख 60 हजार 553
- वोट काउंट (गिने गए)- 1 लाख 60 हजार 10
- टेस्ट वोट + जो वोट काउंट नहीं हुए- 543
कम और ज्यादा वोट गिने जाने वाली सीटों पर कौन जीता?
अगर एक पल के लिए विपक्ष के दावों को मान भी लिया जाए, तो यह सवाल उठता है कि जिन 51 सीटों पर गड़बड़ी का आरोप है, वहां दूसरी पार्टियां (विपक्ष) चुनाव कैसे जीत गईं.
कम वोट गिने जाने के आरोप वाली 5 सीटें (जहां विपक्ष जीता):
- बीड़ विधानसभा (महाराष्ट्र) – जीत: एनसीपी (शरद पवार)
- डहाणु (महाराष्ट्र) – जीत: सीपीएम
ज्यादा वोट गिने जाने के आरोप वाली 5 सीटें (जहां विपक्ष जीता):
- कैथल (हरियाणा) – जीत: कांग्रेस
- पुलवामा (जम्मू कश्मीर) – जीत: पीडीपी
- कोकरनाग (जम्मू कश्मीर) – जीत: नेशनल कॉन्फ्रेंस
- श्रीनगर लोकसभा – जीत: नेशनल कॉन्फ्रेंस
बिना रिकॉर्ड वाली 19 सीटें (जहां विपक्ष जीता):
दावा किया गया कि 19 सीटें ऐसी हैं जिनके बारे में चुनाव आयोग के इंटरनल रिकॉर्ड में बताया ही नहीं गया कि कितने वोट पड़े और कितने गिने गए. इन सीटों के नतीजे इस प्रकार हैं:
- शाहूवाडी (महाराष्ट्र) – जीत: जन सुराज्य शक्ति
- वांद्रे पूर्व (महाराष्ट्र) – जीत: शिवसेना (उद्धव)
- पंचकुला (हरियाणा) – जीत: कांग्रेस
- बादली (हरियाणा) – जीत: कांग्रेस
- शोपियां (जम्मू कश्मीर) – जीत: निर्दलीय
- डीएच पोरा (जम्मू कश्मीर) – जीत: नेशनल कॉन्फ्रेंस
- ज़ैनापोरा (जम्मू कश्मीर) – जीत: नेशनल कॉन्फ्रेंस
चुनाव आयोग के इन आंकड़ों और फॉर्म 17C की पारदर्शी व्यवस्था से स्पष्ट होता है कि वोटों की गिनती में धांधली के ये आरोप तथ्यों से कोसों दूर हैं और कुल वोटर्स की संख्या को पड़े हुए वोट बताकर यह पूरा विवाद खड़ा किया गया है.

