Last Updated:
बेंगलुरु में प्रॉपर्टी विवाद में भाई ने बहन की हत्या कर दी. आरोपी ने कथित रूप से क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर बहन की जान ले ली. मृतका मां और बच्चों के साथ रहती थी. पुलिस ने आरोपी जयराम को गिरफ्तार कर लिया है.
सांकेतिक AI तस्वीर
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बेलंदूर के पास एक शख्स द्वारा कथित रूप से अपनी बहन को क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. मामले में पुलिस आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान 42 वर्षीय जयराम के रूप में हुई जो पेशे से वकील है. जबकि मृतका की पहचान 39 वर्षीय मीनाक्षी एम के रूप में हुई. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रोपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना बुधवार को जुन्नासंद्रा में हुई जहां दोनों भाई-बहन एक-दूसरे के बगल में बने अलग-अलग मकानों में रहते थे. मीनाक्षी अपनी मां और बच्चों के साथ रहती थी जबकि जयराम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहता था.
मृतका ने मां का घर खाली करने से किया था इनकार
प्रोपर्टी विवाद को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे. जयराम ने कथित तौर पर अपनी बहन से मां का घर खाली करके कहीं और चले जाने को कहा था. हालांकि, मीनाक्षी ने इससे इनकार कर दिया था और अपनी मां के साथ रहने की इच्छा जताई थी.
हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई थी पीड़िता
प्रोपर्टी को लेकर बीते दिन बुधवार को एक बार फिर भाई और बहन के बीच बहस हुई जो बाद में झगड़े में बदल गया. इस दौरान गुस्साए जयराम ने कथित तौर पर मीनाक्षी पर क्रिकेट बैट से बार-बार हमला किया और फिर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने बताया कि मीनाक्षी को गंभीर चोटें आईं जिसके कारण उसकी मौत हो गई. फिलहाल मामले में बेलंदूर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है.

