Last Updated:
Purnia Football Tournament: पूर्णिया के अलीनगर में पहली बार आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल रोमांचक रहा. 10-12 सितंबर तक चले इस टूर्नामेंट में चीयर गर्ल्स ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया, जिससे देर शाम तक दर्शकों की भीड़ जुटी रही. स्थानीय आदिवासी युवाओं ने खेल को बढ़ावा देने के लिए इसका आयोजन किया.
पूर्णिया: पूर्णिया जिले के के. नगर प्रखंड अंतर्गत सत्कोदरिया पंचायत के अलीनगर में पहली बार आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन बेहद रोमांचक और अनोखे अंदाज में हुआ. खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए आयोजकों की ओर से मैदान पर चीयर गर्ल्स और म्यूजिक की विशेष व्यवस्था की गई थी. जो पूर्णिया में किसी फुटबॉल मैच के दौरान पहली बार देखने को मिली.
10 से 12 सितंबर तक चला तीन दिवसीय टूर्नामेंट
यह प्रतियोगिता बीते 10 सितंबर को शुरू हुई थी. जिसका फाइनल मुकाबला 12 सितंबर को खेला गया. फाइनल मैच की शुरुआत मुख्य अतिथि, सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष अजाउर रहमान (उर्फ पप्पू भाई) ने फीता काटकर और खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर की. मैदान में देर शाम तक हजारों दर्शकों की भीड़ डटी रही और लोगों ने मैच का भरपूर आनंद उठाया.
आदिवासी समुदाय के युवाओं की पहल
मुख्य अतिथि अजाउर रहमान ने बताया कि स्थानीय आदिवासी समुदाय के युवाओं की टोली और युवा कमेटी ने गांव के युवाओं को खेल से जोड़ने तथा उनके भीतर खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस भव्य तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन कराया.
विजेता और उपविजेता टीमों पर इनामों की बारिश
रोमांचक फाइनल मुकाबले के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया. विजेता टीम को ₹15,051 का नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और मेडल से सम्मानित किया गया. उपविजेता टीम को ₹10,051 का नकद पुरस्कार, कप और मेडल दिया गया.
चीयर गर्ल्स के परफॉर्मेंस ने बढ़ाया दर्शकों का रोमांच
मैच के दौरान खिलाड़ियों का जोश बढ़ाने और दर्शकों के मनोरंजन के लिए चीयर गर्ल्स के डांस परफॉर्मेंस का आयोजन किया गया. अलीनगर के मैदान पर पहली बार हुई इस अनोखी व्यवस्था ने दर्शकों का दिल जीत लिया और मैच देखने आई हजारों की भीड़ झूमती नजर आई. कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुखिया युगल हांसदा, मंगल वासुकी, प्रेम सोरेन, मोहम्मद नजमुल हक, भइयों वासुकी सहित कमेटी के सदस्य और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.
About the Author
अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …
और पढ़ें

