दिवाली के बाद बढ़ते वायु प्रदूषण और पटाखों से होने वाले नुकसान को लेकर एक तरफ जहां लोग चिंता जता रहे हैं, वहीं पश्चिम बंगाल की एक बीजेपी विधायक से ऐसा बयान दिया है, जिसने सभी को हैरान करके रख दिया है. कोलकाता के टॉलीगंज विधानसभा सीट से विधायक पापिया अधिकारी ने दावा किया कि पटाखे जलाने से कई बीमारियां ठीक हो सकती हैं. काली पूजा पंडाल के उद्घाटन के दौरान दिए गए उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसके बाद लोग उनके दावे पर सवाल उठा रहे हैं और सोशल मीडिया पर जमकर तंज कस रहे हैं.
‘पटाखे जलाने से कई बीमारियां ठीक होती हैं’
पापिया अधिकारी अपने विधानसभा क्षेत्र में एक काली पूजा कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंची थीं. इस दौरान उन्होंने कहा, ‘आप देखेंगे कि पटाखे जलाने से कई बीमारियां ठीक होने में भी मदद मिलती है.’ उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री ने भी पटाखे जलाने की बात कही है. काली पूजा पटाखों के बिना कैसे पूरी हो सकती है? हम पटाखे जलाएंगे, लेकिन दिशानिर्देशों का पालन भी करेंगे.
बीजेपी विधायक ने कहा कि पुलिस की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक ही पटाखे जलाए जाएंगे. हालांकि, पटाखों से बीमारियां ठीक होने का उनका दावा वैज्ञानिक तथ्यों से मेल नहीं खाता. स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, पटाखों का धुआं और उनसे निकलने वाले प्रदूषक सांस और हृदय संबंधी समस्याओं को बढ़ा सकते हैं.
पापिया अधिकारी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब कोलकाता में दिवाली के बाद वायु प्रदूषण और ध्वनि प्रदूषण को लेकर चिंता जताई जा रही है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली के दिन कोलकाता का औसत AQI 301 दर्ज किया गया था, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है.
लोगों ने खूब उड़ाया मजाक
ऐसे में विधायक के पटाखों को बीमारियां ठीक करने वाला बताने के दावे पर सवाल उठ रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर कई यूजर्स ने खूब मजाक उड़ाया. एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि अगर किसी को गंभीर अस्थमा या दिल की बीमारी है, तो पटाखों का जहरीला धुआं उसे हमेशा के लिए बीमारी से मुक्ति दिला सकता है- यानी उसकी जिंदगी ही खत्म हो सकती है.
एक अन्य यूजर ने लिखा कि जब इलाज महंगा होता जा रहा है, तो पटाखों को ही दवा का नाम दे देना चाहिए. उन्होंने इसे अंधविश्वास और गलत विज्ञान को मिलाकर वोट बैंक बनाने की कोशिश बताया. वहीं, एक तीसरे यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि अगली बार AQI 500 को इम्युनिटी बढ़ाने वाला बताया जाएगा.
विवाद बढ़ा तो बयान वापस
वहीं अपने बयान पर विवाद मचने के बाद पापिया अधिकारी ने कहा, ‘इन परंपराओं को लेकर हमारे पूर्वजों की एक पुरानी कहावत है. मूल रूप से, यह रोशनी का त्योहार है… दीये जलाने का त्योहार, जिसका उद्देश्य सामाजिक बुराइयों को खत्म करना है. पहले के समय में, रीति-रिवाजों के माध्यम से ऐसी कई बुराइयों को दूर किया जाता था. लेकिन आज हम पटाखों के दौर में जी रहे हैं, और विज्ञान ने जितनी तरक्की कर ली है, उसे देखते हुए शायद वह नजरिया अब सही नहीं है. अगर किसी को ठेस पहुंची है, तो मैं माफी मांगती हूं. मैं अपना बयान वापस लेने को तैयार हूं; आप इसे वापस लिया हुआ ही समझें. लेकिन मुख्य विचार वही है: ऐसी सामाजिक बुराइयों को खत्म किया गया था और आज भी किया जा सकता है.’
2021 में बीजेपी में शामिल हुई थीं पापिया अधिकारी
पापिया अधिकारी राजनीति में कदम रखने से पहले बंगाली फिल्मों का जाना-पहचाना चेहरा थी. वह 2021 में बीजेपी में शामिल हुई थीं और उसी साल विधानसभा चुनाव भी लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. हालांकि, 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने टॉलीगंज सीट से बड़ी जीत दर्ज की. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के दिग्गज नेता अरूप बिस्वास को हराकर सबको चौंका दिया था.

