Agency:News18 Bihar
Last Updated:
सुलतानगंज थाना क्षेत्र के शाहगंज में कारोबारी के घर डकैती.
पटना. राजधानी पटना में अपराधियों का तांडव जारी है और आपराधिक घटनाओं को रोक पाने में पुलिस पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है. ताजा मामला पटना सिटी के सुलतानगंज थानाक्षेत्र के शाहगंज इलाके का है, जहां हथियार बंद अपराधियों ने एक कागज कारोबारी के घर में घुसकर डकैती की घटना को अंजाम दिया है. 6-7 की संख्या में हथियारबंद अपराधियों ने कागज कारोबारी उदय मेहता के घर में घुसकर हथियार का भय दिखाकर लूट की वारदात की. इस दौरान घर में रखे 13 लाख कैश और 15 से 20 लाख के जेवरात लूट लिये. घटना को अंजाम देने के बाद हथियारबंद अपराधी मौके से फरार होने में सफल हो गए.
घटना बीती देर रात की बतायी जाती है. पीड़ित कारोबारी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी तो पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन में जुट गई. घटना के बाद एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की. बताया जाता है कि बीते देर रात 6-7 की संख्या में हथियारबंद अपराधी “अमृत इंटरप्राइजेज पेपर रोल” के मालिक उदय मेहता के घर में दाखिल हो गए. घर में घुसते ही परिवार के सदस्यों को हथियार का भय दिखाकर बंधक बना लिया. इस दौरान अपराधियों ने घर में रखे 13 लाख कैश और 15 से 20 लाख के जेवरात लूट लिए. घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार होने में सफल हो गए.
पुलिस के दबाव में पीड़ित कारोबारी और उनके परिवार के सदस्यों ने मीडिया के समक्ष कुछ भी बोलने से सीधे तौर पर इंकार कर दिया है. मौके पर मौजूद पटनासिटी के सहायक पुलिस अधीक्षक अतुलेश झा ने घटना की पुष्टि करते हुए जल्द ही सभी लुटेरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है. फिलहाल पुलिस लुटेरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने में जुटी है. कारोबारी के घर हुई डकैती की घटना से आस पास के इलाकों में सनसनी फैल गई है.
February 15, 2025, 15:16 IST

