पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर बीजेपी ने बड़ा दांव लगाया है. आम आदमी पार्टी की सत्ता वाले राज्य में कुर्सी हथियाने के लिए एक बार फिर बीजेपी अपने पुराने सहयोगी शिरोमणि अकाली के साथ गठबंधन करने जा रही है.एक्सक्लूसिव सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और उसके पुराने साथी शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के बीच सीट-बंटवारे की बातचीत अंतिम चरण में चल रही है. दोनों दल इन चुनावों में हाथ थामकर मैदान में उतरने वाले हैं.
एक सूत्र से मिली जानकारी के मुताबिक व्यवस्था को अंतिम रूप देने के बाद इसकी घोषणा “गुरु नानक जयंती के आसपास” हो सकती है. हालांकि कुछ मुद्दे अभी भी सुलझाने बाकी हैं, लेकिन सूत्रों के मुताबिक बीजेपी 47-48 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है. पंजाब विधानसभा में कुल 117 विधानसभा सीटें हैं.
अगर ऐसा होता है तो यह पंजाब में बीजेपी की सीट हिस्सेदारी में बड़ा इजाफा होगा. यहां पारंपरिक रूप से गठबंधन में बीजेपी छोटी पार्टी रही है. बता दें कि दोनों पार्टियों ने आखिरी बार 2017 में पंजाब विधानसभा चुनाव साथ लड़ा था. तब शिरोमणि अकाली दल ने 94 सीटों पर और बीजेपी ने सिर्फ 23 सीटों पर चुनाव लड़ा था.
सूत्रों के अनुसार, इस बार बीजेपी अपनी सीट हिस्सेदारी दोगुनी से भी ज्यादा करने वाली है. इससे राज्य की बदली हुई राजनीतिक हकीकत झलकती है. हालांकि, पंजाब में संभावित पूर्व-चुनाव गठबंधन से सभी खुश नहीं हैं. बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हरजीत ग्रेवाल ने एक दिन पहले कहा, “कुछ बीजेपी नेता गठबंधन के पक्ष में हैं. लेकिन पुराने नेता, जो पार्टी के साथ चालीस-पचास साल से जुड़े हैं, इसके खिलाफ हैं. ये दो विचारधाराएं हैं. मेरा मानना है कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन पंजाब में राष्ट्रवादी विचारधारा फलनी-फूलनी चाहिए.”
कब टूटा था गठबंधन?
बता दें कि एसएडी-बीजेपी गठबंधन 26 सितंबर 2020 को 24 साल की साझेदारी के बाद टूट गया था. इससे पंजाब में बीजेपी कार्यकर्ता बंट गए थे. ग्रेवाल जैसे नेता अभी भी इस बंटवारे को अकाली दल के खिलाफ रखते हैं.सीएनएन-न्यूज18 से बात करते हुए ग्रेवाल ने कहा, “मैंने जो कहा, उस पर अडिग हूं. मैं उससे पीछे क्यों हटूंगा? जहां तक मेरी बात है, हम पंजाब की सभी 117 सीटों पर लड़ने की तैयारी कर रहे हैं. मैं आज रात एक बैठक से लौट रहा हूं. मेरे लिए बीजेपी सभी 117 सीटों पर लड़ रही है.”
वहीं सूत्रों के अनुसार, शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, जो पहले पंजाब के उप मुख्यमंत्री रह चुके हैं, ने बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से कई बार संपर्क साधा. लेकिन शुरू में बीजेपी ने जानबूझकर दूरी बनाए रखी.
एक बीजेपी सूत्र ने कहा, “अकाली दल पंजाब में सत्ता से बाहर लगभग एक दशक पूरा करने वाले हैं. वे और पांच साल सत्ता से बाहर नहीं रह सकते. यह उनके राजनीतिक अस्तित्व का सवाल है. बीजेपी ने सौदेबाजी की ताकत बढ़ाने के लिए समय लिया.”
अंतिम चरण की बैठकें जल्द
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल 17 नवंबर को पंजाब का दौरा करने वाले हैं और बातचीत के अंतिम चरण में बैठकें करेंगे.एक वरिष्ठ बीजेपी नेता ने इस हफ्ते पहले पंजाब में पार्टी की जीत की संभावनाओं को लेकर काफी आत्मविश्वास जताया.बीजेपी सूत्र द्वारा बताई गई “गुरु नानक जयंती के आसपास” घोषणा का इशारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हफ्तों पहले दिल्ली में दिया था.
अक्टूबर के अंत में यमुना के पुनरुद्धार के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाओं के शुभारंभ पर बोलते हुए शाह ने कहा, “मैं एक दिन पहले ही पंजाब में था. वहां आम आदमी पार्टी की सरकार में नशीले पदार्थों का व्यापार जिस तरह फल-फूल रहा है, लोगों ने तय कर लिया है कि 2027 में राज्य में एनडीए की सरकार बनेगी.”वे बीजेपी सरकार कह सकते थे. लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं कहा.

