Last Updated:
Navpreet Singh News: अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क और सीमा पार से चल रहे ड्रग्स के काले कारोबार पर भारत की सुरक्षा एजेंसियों ने अब तक की सबसे बड़ी कूटनीतिक स्ट्राइक की है. तुर्की में ‘नवाब विर्क’ बनकर नई पहचान और नागरिकता हासिल करने वाले कुख्यात ड्रग माफिया नवप्रीत सिंह को भारतीय जांच एजेंसियां सात समंदर पार से दबोच लाई हैं. भारत की धरती पर कदम रखते ही कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे तुरंत जेल भेज दिया गया.
नवप्रीत सिंह को तुर्की से भारत डिपोर्ट किया गया है. (एएनआई)
नई दिल्ली. तुर्किये से डिपोर्ट कर भारत लाए गए कथित अंतरराष्ट्रीय नार्को-ट्रैफिकिंग नेटवर्क से जुड़े नवप्रीत सिंह को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने 10 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है. दिल्ली पुलिस ने अदालत से नवप्रीत की 10 दिन की हिरासत मांगी थी. दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि जांच के सिलसिले में नवप्रीत सिंह को पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र ले जाना है. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले से गिरफ्तार रमनदीप, गुरप्रीत और गुरजोत के साथ नवप्रीत से पूछताछ भी की जानी है.
नशा तस्करों और अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट्स के खिलाफ जारी निर्णायक जंग में भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को सीमा पार बड़ी कूटनीतिक और रणनीतिक कामयाबी मिली है. कुख्यात ड्रग तस्कर नवप्रीत सिंह को तुर्की से प्रत्यर्पित (डिपोर्ट) कराकर भारत वापस लाया गया है, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे सीधे जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया गया. नवप्रीत ‘नवाब विर्क’ की फर्जी पहचान के सहारे न केवल तुर्की में छिपा हुआ था, बल्कि उसने वहां की नागरिकता तक हासिल कर ली थी.
फर्जी पहचान का कवच ओढ़ने के बावजूद वह अफगानिस्तान से भारत में हेरोइन और मेथामफेटामाइन (आइस) जैसे घातक मादक पदार्थों की बड़ी खेप भेजने का अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क चला रहा था. भारतीय खुफिया और जांच एजेंसियों ने लगातार तकनीकी निगरानी और पुख्ता इनपुट के आधार पर विदेशी धरती पर उसकी असली पहचान का पर्दाफाश किया और तुर्की प्रशासन से संपर्क साधकर उसके डिपोर्टेशन का रास्ता साफ कराया. सरकार ने स्पष्ट किया है कि दिसंबर 2029 से पहले देश से हर बड़े ड्रग कार्टेल को जड़ से उखाड़ फेंकने के संकल्प के तहत यह कार्रवाई एक कड़ा संदेश है.
नवप्रीत सिंह का नाम दिल्ली में 2021 में सामने आए एक बड़े ड्रग सिंडिकेट मामले में भी सामने आया था. अदालत के रिकॉर्ड के मुताबिक, इस मामले में आरोपियों के कब्जे से करीब 355.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद होने की बात दर्ज है. जांच में नवप्रीत सिंह को इस नेटवर्क का मुख्य आरोपी और हैंडलर बताया गया था.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
और पढ़ें

