कोलकाता. पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी के एक बयान ने पूर्व सीएम ममता बनर्जी के खेमे में हड़कंप मचा दी है. दरअसल, नंदीग्राम में और वहां के राजनीतिक समीकरणों के केंद्र में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का एक बड़ा बयान सामने आया है. पूर्वी मेदिनीपुर जिले के ऐतिहासिक शहर नंदीग्राम में दुर्गा पूजा पंडालों के उद्घाटन के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए सीएम शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए हर महीने 12,000 से 15,000 रुपये की आर्थिक मदद की जोरदार पैरवी की है.
त्योहारों के इस माहौल में जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा कि सरकार की यह नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी है कि वह समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े उस परिवार की सुध ले, जिसे वास्तव में आर्थिक सहारे की सबसे अधिक आवश्यकता है.
12,000 से 15,000 रुपये मासिक मदद
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि विभिन्न सरकारी और कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से ऐसे परिवारों के लिए हर महीने कम से कम 12 से 15 हजार रुपये की सुनिश्चित आय या सहायता पहुंचनी चाहिए. हालांकि, उनके इस संबोधन से यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया कि यह प्रस्तावित भारी-भरकम वित्तीय सहायता विशेष रूप से केवल नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र के परिवारों के लिए है या इसे पूरे पश्चिम बंगाल के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए लागू किया जाएगा. फिर भी, इस घोषणा ने राज्य के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का बाजार गरम कर दिया है.
सुवेंदु अधिकारी ने क्या-क्या कहा?
अपने भाषण के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने अपने राजनीतिक क्षेत्र और मतदाताओं के साथ संबंधों पर भी खुलकर बात की. उन्होंने कहा, भवानीपुर और नंदीग्राम से उनका रिश्ता पुराना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर के लोग चाहेंगे, वह वहां के विधायक के तौर पर उनका प्रतिनिधित्व करते रहेंगे. वहीं दूसरी ओर, नंदीग्राम के साथ उनका रिश्ता सिर्फ राजनीति का नहीं, बल्कि एक मतदाता के रूप में आजीवन जुड़ाव का है.
नंदीग्राम में आज किसका बजेगा डंका? सुवेंदु अधिकारी की छोड़ी सीट पर BJP-कांग्रेस में मुकाबला
अल्पसंख्यक-बहुल इलाकों पर बड़ा दावा
नंदीग्राम आंदोलन और अपने पुराने राजनीतिक संघर्षों को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने बंगाल की बदलती जमीनी हकीकत का जिक्र किया. उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि 2021 और 2026 के चुनावों के दौरान वह नंदीग्राम के कई अल्पसंख्यक-बहुल इलाकों में प्रचार या प्रवेश नहीं कर पा रहे थे, लेकिन आज वही लोग उन पर फूलों की बारिश करके उनका स्वागत कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा गरीबों के लिए 12,000 से 15,000 रुपये मासिक सहायता की पैरवी करने वाले बयान की पूरे बंगाल में चर्चा हो रही है. सीएम सुवेंदु के इस बयान के बाद टीएमसी ममता बनर्जी खेमे में हड़कंप मच गया है कि, कहीं उससे उसका वोट बैंक छिटक न जाए. सीएम का नंदीग्राम की जमीन से जनता के बीच बड़ा संदेश देना यह बताता है कि सरकार आगामी समय में कल्याणकारी योजनाओं के जरिए राज्य के सामाजिक ताने-बाने को और मजबूत करने की दिशा में बड़े कदम उठाने की तैयारी में है.

